JharkhandSaraikela

सरायकेला :  जर्जर सड़क से ग्रामीण और कंपनियां दोनों परेशान,  प्रशासन चाहे तो निकल सकता है समाधान

जर्जर रास्ते के कारण कोलाबीरा से सटे तिरिलडीह के ग्रामीणों ने घंटों जाम रखी सड़क, मरम्मत के आश्वासन के बाद हटे 

Saraikela  :  सरायकेला की बीरबांस पंचायत में कोलाबीरा से सटे तिरिलडीह गांव के ग्रामीणों मे मंगलवार को समीप बीरबांस, कटिंगवन, चौड़ा और तिरिलडीह गांव को जोड़नेवाली सड़क को सुबह से लेकर दोपहर तीन बजे तक जाम रखा. सुबह से ही तिरिलडीह आजीविका ग्राम संगठन के बैनर चले करीब दो-ढाई सौ की संख्या में परंपरागत हथियारों से लैस ग्रामीण रोड जाम कर बैठ गये. उनका कहना था कि इस सड़क पर तीन कंपनियां . सिग्मा,  सामान्या,  सूरज लॉजिस्टिक स्थित हैं. इन कंपनियों के वाहन इस सड़क का उपयोग करते हैं. इससे सड़क की हालत जर्जर हो गयी है. सड़क जाम की सूचना पाकर सरायकेला के अंचलाधिकारी सूरज कुमार सिन्हा वहां पहुंचे. कंपनी के अधिकारी भी वहां उपस्थित थे. वार्ता में कंपनी के अधिकारियों ने कहा कि वे सड़क की मरम्मत करा देंगे. इसके बाद सड़क जाम हटा लिया गया. लेकिन आशंका जतायी जा रही है कि आगे भी यह मामला तूल पकड़ सकता है.

क्या कहती हैं कंपनियां

इस रास्ते पर स्थित कंपनियों का कहना है कि उन्होंने बाकायदा रैयतों से जमीन खरीद कर यहां फैक्टी और प्लांट लगाया है. इन कंपनियों से स्थानीय स्तर पर लोगों को रोजगार मिलता है और सरकार को राजस्व लेकिन जर्जर ग्रामीण सड़क के कारण कंपनियों और ग्रामीण दोनों को परेशानी उठानी पड़ रही है. कंपनियों का रहना है कि जब इस क्षेत्र में कंपनियों की स्थापना हुई थी, उस वक्त आबादी न के बराबर थी. लेकिन पिछले कुछ समय में सड़क किनारे घनी आबादी बस गयी है. उनका ज्यादातर काम सड़क पर होता है. बच्चे भी सड़क पर खेलते हैं. ऐसे में कंपनियों के वाहनों के चलने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है.

रास्ते को लेकर कंपनियों को कोई समस्या आ रही है, तो वे उपायुक्त महोदय को इस संबंध में लिखित जानकारी उपलब्ध करायें. उपायुक्त के स्तर से विचारोपरांत इस मुद्दे पर उचित निर्णय लिया जायेगा. – सुबोध कुमार, अपर उपायुक्त, सरायकेला-खरसावां

रेलवे से जमीन लेकर निकल सकता है रास्ता

एक कंपनी के अधिकारी ने बताया वे पिछले पांच साल से प्रशासन से वैकल्पिक मार्ग बनाने के लिए पत्राचार कर रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई है. उन्होंने कहा कि बीरबांस में रेलवे की जमीन कांड्रा-सरायकेला मुख्य मार्ग तक है. प्रशासन यदि रेलवे से बात कर इस जमीन पर रोड बनवा देता है, तो कंपनियों के वाहनों को गांव की सड़क का उपयोग करने की जरूरत नहीं पड़ेगी. उन्होंने कहा कि इस जमीन में आधी दूर तक रेलवे का रोड बना हुआ है आधे रास्ते तक रोड बना दिया जाये, तो समस्या का समाधान हो सकता है. उन्होंने कहा कि सिनी में ऐसी समस्या आने पर रेलवे की जमीन से होकर रास्ता निकाला गया है.

इसे भी पढ़ें – Jamshedpur : ऐसा कब तक चलेगा मंत्री जी, एमजीएम अस्‍पताल के बर्न वार्ड में फ‍िर थोड़ी बार‍िश में भर गया पानी, देख लें VIDEO

 

 

Related Articles

Back to top button