
Ranchi : मेयर आशा लकड़ा द्वारा न्यूज विंग संवाददाता को फोन पर लगातार दी जा रही धमकी की खबर पर सत्तारूढ़ पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा ने निंदा व्यक्त की है. पार्टी प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने एक प्रेस बयान में कहा है कि वैश्विक संकट के इस दौर में रांची की मेयर आशा लकड़ा के द्वारा जिस प्रकार वर्तमान हेमंत सोरेन सरकार के विरुद्ध आधारहीन एवं झूठ से लदे वक्तव्य दिये जा रहे हैं, उसकी जितनी भी निंदा की जाये, वह कम होगा.
उन्होंने न्यूज विंग की खबर का हवाला देते हुए कहा कि मेयर एवं उनके साथ रहनेवाले लोगों द्वारा जन संवाद मध्यमों (मीडिय़ा) को भी प्रताड़ित किया जाता है एवं कई तरह की धमकियां दी जाती हैं. उन्हें यह धमकी दी जाती है कि भाजपा एक राष्ट्रीय पार्टी है, उनके खिलाफ छापने पर कोर्ट में खड़ा किया जायेगा. जो कि गलत है.
इसे भी पढ़ें – प्रवासी मजदूरों व छात्रों को वापस लाने का मुद्दा : केंद्र ने साधनहीन राज्यों को जूझने के लिए अकेला छोड़ दिया है
न्यूज विंग की खबर को देख पार्टी नेता ने कहा कि निगम ने गत वित्तीय वर्ष में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास से 19.77 करोड़ रुपये की मांग रखी थी, जिसके एवज में उन्हें कुछ भी नहीं मिला. ऐसा इसलिए क्योंकि उस दौरान भाजपा की सरकार थी. इसलिए मेयर ने अपना दायित्व नहीं समझा और कोई बयान नहीं दिया. अब चूंकि राज्य में हेमंत सोरेन की सरकार है और उन्होंने रांची नगर निगम को 11.80 करोड़ रुपये दिये, उसको मेयर सार्वजनिक न कर उल्टा सरकार पर आरोप मढ़ रही हैं कि उन्हें केवल 44.50 लाख रुपये मिले. मेयर द्वारा इस प्रकार की बयानबाजी लोगों के बीच में भ्रम पैदा कर रही है.
इस वीडियो को भी देखें
ओछी सांप्रदायिक राजनीति छोड़ सरकार तथा प्रशासन के साथ समन्वय बैठा कर मेयर करें काम
सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि रांची नगर निगम के विगत आठ वर्षों के विस्तृत कार्यों की गहन समीक्षा करने का समय आ गया है और उनसे हर योजना की एक-एक पाई का हिसाब भी लिया जायेगा. मेयर के सांप्रदायिक वक्तव्य से लोगों के बीच नफरत का संदेश जा रहा है. जबकि वो एक संवैधानिक पद पर बैठी हुई हैं. मेयर को यह सलाह है कि संकट के इस दौर में ओछी सांप्रदायिक राजनीति को छोड़ सरकार तथा प्रशासन के साथ समन्वय बैठा कर काम करें. साथ ही सभी वार्डों में समयानुसार एवं उपयुक्त साफ-सफाई की व्यवस्था पर नज़र रखें तथा घर-घर शुद्ध पेयजल पहुंचे एवं खराब पड़े चापानलों की मरम्मति सुनिश्चित करें.
इसे भी पढ़ें – रांची मेयर आशा लकड़ा न्यूज विंग के संवाददाता को खबर हटाने की दे रहीं धमकी, 24 घंटे में किया छह बार फोन
पद से इस्तीफा देकर माफी मांगे मेयर
पार्टी के एक अन्य प्रवक्ता तनुज खत्री ने कहा कि न्यूज़ विंग के संवाददाता को 24 घंटे में 6 बार फ़ोन करके धमकी देना लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की हत्या करने जैसा है. वो भी नगर के प्रथम नागरिक के द्वारा ऐसा कुकृत्य करना घोर निंदनीय है. उन्होंने इसकी कड़ी निंदा करते हुए कहा कि तत्काल रांची मेयर को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए और माफी मांगनी चाहिए. न्यूज विंग की खबर का हवाला देते हुए तनुज ने कहा कि हेमंत सरकार ने निगम को 11.80 करोड़ रुपये दिये हैं. यह बात रांची नगर निगम के निर्वाचित पद में विराजमान प्रतिनिधि को स्वीकार करनी ही होगी कि ये कार्य हेमंत सरकार में ही संभव हो पाया है जो रघुवर दास की सरकार में लंबित था.
इसे भी पढ़ें – #lockdown : बन्ना गुप्ता ने केंद्र से की मांग- मजदूरों व छात्रों के वापस लौटने के लिए स्पेशल ट्रेन मुहैया कराये सरकार



