
New Delhi: उत्तर भारत में इस समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है. ऐसे में कोहरे की घनी चादर में आम लोगों के जीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है. दिल्ली सहित पूरे उत्तर भारत में फिलहाल इससे राहत मिलती नहीं दिख रही है. आज तापमान और गिरने की आशंका है और कोहरे का भी असर बना हुआ है. आज सवेरे दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रियों के लिए कोहरे का अलर्ट जारी किया है. साथ ही जानकारी दी है कि सभी उड़ानों का संचालन इस समय सामान्य है फिर भी यात्रियों को संबंधित एयरलाइंस से संपर्क कर लेना चाहिए. इसके अलावा कोहरे के कारण उत्तर रेलवे की 12 ट्रेन देरी से चल रही हैं और दो को दोबारा शेड्यूल किया गया है.
Delhi Airport issues fog alert for passengers.
All flight operations are presently normal: Delhi Airport pic.twitter.com/QpWHlgBp7b
— ANI (@ANI) January 5, 2023
मौसम विज्ञान केंद्र, नई दिल्ली के अनुसार बर्फीली हवाओं के कारण दिल्ली का तापमान गिर रहा है. अगले तीन से चार दिनों तक दिल्ली में घने से घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है. दिनभर शीतलहर चलने का अनुमान जताया जा रहा है. पारा भी गिरकर 4 डिग्री तक आने की संभावना है. विभाग के अनुसार बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 16.5 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. दिल्ली का जाफरपुर इलाका सबसे ठंडा रहा. यहां अधिकतम तापमान 13.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया. वहीं एनसीआर क्षेत्र में भी तापमान में गिरावट दर्ज हुई. अधिकतम तापमान एनसीआर के गाजियाबाद में 12.9 डिग्री, गुरुग्राम में 15 डिग्री और फरीदाबाद में 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.




