
New Delhi: महाराष्ट्र में चुनाव आयोग ने एकनाथ शिंदे गुट को असली शिवसेना मान लिया है. उद्धव गुट ने इसके विरोध में सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था. अब उच्चतम न्यायालय उद्धव गुट की उस याचिका पर बुधवार को सुनवाई करने पर राजी हो गया है. कोर्ट ने कहा था कि वह बुधवार दोपहर 3.30 बजे इस मामले पर सुनवाई करेगा. बता दें कि चुनाव आयोग द्वारा शिंदे गुट को शिवसेना का नाम और निशान आवंटित करने के आदेश को चुनौती दी गई थी.
ठाकरे गुट की पैरवी कर रहे वकील कपिल सिब्बल ने चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़, जस्टिस कृष्ण मुरारी और जस्टिस पीएस नरसिम्हा की पीठ के सामने मंगलवार को इस मामले का जिक्र किया. सिब्बल ने कहा, ‘‘अगर निर्वाचन आयोग के आदेश पर रोक नहीं लगाई जाती है, तो वे चिह्न और बैंक खाते अपने कब्जे में ले लेंगे. कृपया इसे संविधान पीठ के समक्ष कल के लिए सूचीबद्ध कीजिए.”
सुप्रीम कोर्ट हमारी आखिरी उम्मीद
इससे पहले इस विवाद को लेकर उद्धव ठाकरे ने आरोप लगाया था कि चुनाव आयोग ने उनके साथ न्याय नहीं किया. उन्होंने कहा था कि उनसे उनका सबकुछ चुरा लिया गया. पार्टी का नाम, पार्टी का चुनाव चिन्ह सब चुरा लिया गया. ठाकरे ने कहा था कि वह लोग ठाकरे नाम नहीं चुरा सकते. हम चुनाव आयोग के फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाएंगे और मामले की सुनवाई होगी. सुप्रीम कोर्ट ही हमारी आखिरी उम्मीद है.




