
JAMSHEDPUR : जमशेदपुर के बिष्टुपुर में कदमा रानीकुदर के युवक किट्टू पर चापड़ से जानलेवा करने के आरोपी राजकुमार सिंह और उसके भाई अखिलेश सिंह द्वारा कदमा मरीन ड्राईव के डीवीसी चौक पर अवैध कब्जे को हटाने पहुंची पुलिस को विरोध का सामना करना पड़ा. हालांकि, भारी विरोध के दौरान कदमा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राजकुमार सिंह और अखिलेश सिंह को गिरफ्तार किया और बिष्टुपुर पुलिस के हवाले कर दिया. थोड़ी देर बाद ही प्रशासन की ओर से अवैध कब्जे को हटाने का प्रयास किया जाने लगा पर राजकुमार सिंह के परिजनों ने जमकर हंगामा किया. पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए परिजनों को मौके से हटाया जिसके बाद दो बुल्डोजर की मदद से अवैध कब्जे को मुक्त करा दिया गया. लगभग दो घंटे बाद अवैध कब्जे को पूरी तरह तोड़ दिया गया.

राजकुमार और अखिलेश ने खुद को बताया निर्दोष
इस दौरान राजकुमार ने खुद और अपने भाई अखिलेश को निर्दोष बताया. राजकुमार ने कहा कि घटना के एक दिन पूर्व किट्टू के साथ विवाद हुआ था. दूसरे दिन उसपर अमन नामक युवक ने हमला किया था. अमन को वे लोग नहीं जानते है. इस घटना में उनका नाम देकर उन्हें फंसाने की कोशिश की जा रही है.

हंगामा करने वालों पर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का मामला दर्ज करने की तैयारी
इस मामले के बाद प्रशासन विरोध प्रदर्शन करने वालों पर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का मामला दर्ज करने की तैयारी कर रही है. जानकारी देते हुए कदमा थाना प्रभारी अशोक कुमार राम ने बताया कि राजकुमार और अखिलेश सिंह को गिरफ्तार कर बिष्टुपुर पुलिस के हवाले कर दिया गया जबकि अवैध कब्जे को तोड़ने में विरोध प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने बताया कि शुक्रवार को भी न्यू रानीकुदर में अवैध कब्जे को तोड़ा गया था.
ये भी पढ़ें : राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में डीएवी पुंदाग की स्वर्णिम का उम्दा प्रदर्शन




