Jamtara

राजस्व ग्राम प्रधान अपनी समस्याओं को लेकर जनवरी से शुरू करेंगे आंदोलन

  • प्रधानों की बैठक में विभिन्न समस्याओं पर हुई चर्चा

Jamtara: गांधी मैदान में राजस्व ग्राम प्रधान की बैठक की गयी. बैठक में राजस्व प्रधानों ने विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की। प्रधानों का लंबित सम्मान राशि, ऑफ लाइन लगान रशीद नही कटना, रैयतों की समस्या व ग्राम सभा के अधिकारों से वंचित रखना सहित कई परेशानियों पर प्रधानों ने चर्चा की. साथ ही 22 दिसंबर को गोड्डा के पोड़ैयाहाट में खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री के कार्यक्रम में भाग लेने का निर्णय लिया गया. बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि उनकी समस्याओं का समाधान 30 दिसंबर तक नही हुआ तो प्रधानों का संगठन जनवरी से ग्राम सभा से लेकर विधान सभा तक आंदोलन के लिए बाध्य होगा.

जिला अध्यक्ष अजीत दुबे ने कहा राज्य में ग्राम प्रधान के शुभचिंतक राज्य के मुखिया हेमंत सोरेन कुर्सी पर आसीन है. संथाल परगना प्रमंडल क्षेत्र में जामताड़ा जिला को छोड़कर सभी शेष 5 जिले को ग्राम प्रधान के सम्मान राशि का आवंटन राशि उपलब्ध करा दिया गया है. लेकिन जामताड़ा जिला में सम्मान राशि मद में आवंटन राशि अब तक राज्य मुख्यालय से प्राप्त नहीं हुआ है. ऐसा प्रतीत होता है कि सरकार जामताड़ा जिले के ग्राम प्रधानों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है. कहा कि समस्याओं के निदान को लेकर 11 दिसंबर को जिला स्तरीय शिष्टमंडल उपायुक्त से मिलकर वार्ता करेगी.

जिला महामंत्री शिवलाल हेंब्रम ने कहा कि वित्तीय वर्ष समाप्ति में महज दो-तीन माह शेष रह गया है. सरकार अब तक एक भी माह का सम्मान राशि ग्राम प्रधान को उपलब्ध नहीं कराया है जिससे प्रधानों के समक्ष आर्थिक संकट उत्पन्न हुआ है.

ग्राम प्रधान के सम्मान राशि में बढ़ोतरी करने एवं 2 वर्षों से बाधित ऑफलाइन मालगुजारी वसूली समेत कई महत्वपूर्ण मांग को लेकर जनवरी माह में मुख्यमंत्री से ग्राम प्रधान का शिष्टमंडल मिलेगा. नारायणपुर के संरक्षक सिकंदर अंसारी ने कहा राजस्व ग्राम प्रधान गांव स्तरीय सरकार की सिपाही है जो ब्रिटिश शासनकाल से अपनी ईमानदार नीति के साथ दायित्व के निर्वहन को पूरा करते आ रहे हैं.  लेकिन वर्तमान सरकार की उपेक्षा के कारण ग्राम प्रधान अपने आप को हतोत्साहित महसूस कर रहे हैं.

बैठक में करमाटांड़ प्रखंड अध्यक्ष धनंजय प्रसाद सिंह, नारायणपुर प्रखंड सचिव मंसूर अंसारी, नाला प्रखंड के प्रभाकर, अब्दुल हेय, महादेव पंडित, उज्जवल भंडारी, दुबराज बावरी, निताई चंद्र मंडल, साधन कुमार मांझी, विपुल मांझी, मनोजित सर्किल, निरंजन महतो, ईश्वर हेंब्रम, हेमन मरांडी आदि ग्राम प्रधान मौजूद थे.

Related Articles

Back to top button