
Bermo: बेरमो अनुमंडल को जिला बनाने की मांग को लेकर गोमियां के विधायक डॉ लंबोदर महतो शुक्रवार को झारखंड विधानसभा परिसर में धरना दिया. इस दौरान विधायक डॉ महतो ने कहा कि बेरमों अनुमंडल 1972 में बना है और इसकी जनसंख्या लगभग 15 लाख से ऊपर है, यह जिला बनने की सभी अहर्ता को पूरा करता है. बावजूद इसके बेरमों को जिला का दर्जा नहीं दिया जा रहा है. जिससे इस क्षेत्र की जनता मायूस है. उन्होंने कहा कि बेरमों को जिला बनाने के लिए कई संगठनों एवं राजनीतिक दलों द्वारा विगत 4 वर्षों से आंदोलन किया जा रहा है. वहीं पिछले 6 दिसंबर से बेरमों जिला बनाओ संघर्ष समिति के बैनर तले बेरमों अनुमंडल मुख्यालय तेनुघाट में समिति के लोग अनिश्चितकालीन धरना पर बैठे हुए हैं किन्तु सरकार के कान में जूं तक नहीं रेंग रही है. विधायक ने कहा कि बेरमों को जिला बनने से इस क्षेत्र का विकास का रास्ता सुगम होगा और विकास के कई मौके मिलेंगे. कहा कि बेरमों को जिला बनाने के लिए मैं सदन में कई बार मामला उठाया और शीतकालीन सत्र में भी यह मामला उठाऊंगा. कहा कि राज्य की वर्तमान सरकार जनता को सिर्फ ठगने का काम कर रही है. कहा कि अगर बेरमों को जिला नहीं बनाया गया तो वे सदन से सड़क तक आंदोलन करने के लिए बाध्य हो जाएंगे.
इसे भी पढ़ें: बेरमो: सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौत




