
Ranchi: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवम पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस पार्टी पर बड़ा हमला बोला. प्रदेश कार्यालय में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस के राज्य सभा सांसद धीरज साहू के विभिन्न ठिकानों से आईटी के छापेमारी में बरामद लगभग 300करोड़ नकद राशि कांग्रेस के शीर्ष नेता और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के हैं. इसके तार छत्तीसगढ़,झारखंड से जुड़े हैं.ये पैसा गरीबों की गाढ़ी कमाई का,शराब घोटाले का है जिसके संकलन कर्ता भी झारखंड के हैं. ये पैसे चुनाव परिणामों को प्रभावित करने केलिए रखे गए थे ऐसी संभावना है. बाबूलाल ने कहा कि उन्हें आशंका है कि झारखंड में ईडी के छापे के बाद रातों रात उड़ीसा बंगाल,बिहार की तरफ एंबुलेंस में ढोकर पैसे ले जाने की बात चर्चा में आई थी. इतने बड़े रकम की बरामदगी के बाद आज भी यह चर्चा हो रही है . इसके पूर्व भी झारखंड में हुए ईडी की कारवाई में करोड़ों रुपए बरामद हुए हैं. भ्रष्टाचार का आलम यह है कि लूट के पैसे से सोना खरीद कर जमीन में गाड़ दिया गया,छुपाया गया. जांच जैसे जैसे तेज होगी, ये सब धीरे धीरे सामने आएगा. गरीबों को लूटकर पैसा जमा करने वालों से पाई पाई निकलवाने की मोदी की गारंटी है. झारखंड का लूटा हुआ पैसा जनता को लौटाना होगा.
सांसद पर हो एफआईआर
बाबूलाल ने कहा कि सांसद धीरज साहू पर अविलंब एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तार किया जाए और उनसे कड़ाई से पूछताछ हो. प्रधानमंत्री भ्रष्टाचार मुक्त भारत केलिए संकल्पित हैं. प्रदेश भाजपा जनता के पैसे की हो रही लूट को बर्दाश्त नही करेगी. पार्टी सदन से सड़क तक इस मुद्दे को उठाते हुए लगातार संघर्ष करेगी.
भाजपा सभी जिलों में करेगी धरना प्रदर्शन
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवम पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने आज प्रेस वार्ता के बाद सभी जिलों में सांसद धीरज साहू की गिरफ्तारी की मांग सहित झारखंड में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ आगामी 10 दिसंबर को धरना एवम प्रदर्शन करेगी. प्रेसवार्ता में प्रदेश महामंत्री डॉ प्रदीप वर्मा,प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक एवम प्रवक्ता प्रतुल शाह देव भी उपस्थित थे.
कांग्रेस ने अपने साथी दलों के साथ झारखंड को सिर्फ लूटने और ठगने का काम किया है: आजसू पार्टी
आयकर विभाग ने कांग्रेस के राज्यसभा सांसद धीरज साहू के अलग-अलग ठिकानों से 200 करोड़ कैश बरामद किया है. इस पर प्रतिक्रिया देते हुए आजसू पार्टी के केन्द्रीय प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत ने कहा है कि इतनी बड़ी मात्रा में कैश मिलना इस बात की पुष्टि करता है कि कांग्रेस ने अपने साथी दलों के साथ मिलकर हमेशा झारखंड को सिर्फ लूटने और ठगने का काम किया है. जनता को अपने झूठे वादों से दिग्भ्रमित कर यह लोग आज सत्ता में बैठ गए हैं.धन राशि जिसे जनता और इस प्रदेश के विकास पर खर्च होना चाहिए था, उसे इन्होंने अपने यहां तिजोरी में बंद कर लिया है. यह पैसा जनता का है, जनता के हक का है. आज इस सरकार की कुशासन व्यवस्था से राज्य के हर वर्ग व समुदाय के लोग परेशान हैं. सरकार ने भ्रष्टाचार को शिष्टाचार बना कर लूट की खुली छूट दे रखी है.
इसे भी पढ़ें: टेरर फंडिंग मामले से जुड़े टीपीसी के सदस्य बिंदु गंझू की जमानत याचिका पर हाइकोर्ट ने ईडी को जवाब के लिए दिया समय




