
Ranchi: जिले में 25 फरवरी को चावल दिवस मनाया जाएगा. आज कार्डधारियों को दो महीने का राशन दिया जाएगा. इसे लेकर जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने निर्देश जारी किए हैं. स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं सतर्कता समिति के सदस्यों की उपस्थिति में खाद्यान्न वितरण करने का आदेश दिया है.
डीएसओ ने दिए ये निर्देश
चावल दिवस पर जनवरी ‘23 और फरवरी ‘23 के आवंटित खाद्यान्न का वितरण अनिवार्य रूप से किये जाने को लेकर जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी, पणन पदाधिकारी अनुभाजन क्षेत्र, रांची और सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को पत्र लिखा है. जिला आपूर्ति पदाधिकारी अल्बर्ट बिलुंग ने 25 फरवरी को आयोजित किये जानेवाले चावल दिवस को व्यापक और प्रभावी रूप से मनाते हुए जनवरी 2023 और फरवरी 2023 का खाद्यान्न वितरण कार्य अनिवार्य रूप से करने का आदेश दिया है.
मात्र 20 प्रतिशत वितरण
जनवरी ‘23 के लिए आवंटित खाद्यान्न के विरुद्ध 83 प्रतिशत और फरवरी ‘23 के लिए आवंटित खाद्यान्न के विरुद्ध मात्र 20 प्रतिशत ही वितरण किया गया है. रांची जिला में जन वितरण प्रणाली के तहत लाभुकों को ससमय खाद्यान्न एवं अन्य सामग्रियों की उपलब्धता सुनिश्चित किए जाने को लेकर चावल दिवस का आयोजन करने के लिए पूर्व में ही रांची उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा द्वारा दिशा निर्देश दिये गये थे.
इस तारीख को चावल दिवस
विभागीय निर्देश के अनुसार उपायुक्त द्वारा प्रत्येक महीने की 15, 16, 25 और 26वीं तारीख को चावल दिवस का आयोजन करने का निर्देश दिया गया है. उपायुक्त द्वारा लक्षित जन वितरण प्रणाली के तहत लाभुकों को खाद्यान्न एवं अन्य सामग्री का वितरण स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं सतर्कता समिति के सदस्यों की उपस्थिति में सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.
इसे भी पढ़ें: इंदौर कॉलेज कांड में जिंदा जलाई गई महिला प्रिंसिपल की मौत, छात्र ने दिया था वारदात को अंजाम




