
New Delhi: मध्यप्रदेश के सीधी जिले में शुक्रवार देर शाम बड़ा हादसा हो गया. मोहनिया टनल के पास ट्रक की टक्कर से तीन बसें पलट गईं. बताया जा रहा है कि हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई है. रीवा के एसपी मुकेश श्रीवास्तव ने बताया कि कुल 50 लोग घायल हुए हैं. इनमें से 15-20 लोगों की हालत गंभीर है. वहीं, हादसे के बाद मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने देर रात घटनास्थल और अस्पताल का दौरा किया. इसके बाद सीएम शिवराज ने हादसे में मरने वालों के परिवारों को 10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को दो लाख रुपये और मामूली रूप से घायलों को एक लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है. उन्होंने कहा कि मृतकों के परिजनों को योग्यता के अनुसार सरकारी नौकरी दी जाएगी.
बताया जा रहा है कि बस को ट्रक ने टक्कर मारी है. प्राथमिक जानकारी के अनुसार हादसा मोहनिया टनल के पास बड़ोखर गांव के निकट हुआ है. प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि हादसा रीवा-सीधी टनल के पास हुआ है. तेज रफ्तार ट्रक का टायर फटने से वह साइड में खड़ी तीन बसों से टकरा गया. दो बसें पलट गईं, और तीसरी बस बुरी तरह डैमेज हो गई. हादसे में बारह लोगों की मौत होने की बात कही जा रही है. हालांकि प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक हादसा भयानक था, मरने वालों का आंकड़ा बढ़ सकता है. गंभीर रूप से घायलों को रीवा रेफर किया गया है.
हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई. अन्य राहगीरों ने मदद की और घायलों को निकाला. पुलिस को सूचना दी गई. प्राथमिक जानकारी के मुताबिक हादसे में बारह लोगों की मौत हो चुकी है. कई लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 52 यात्रियों की हालत गंभीर बनी हुई है. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसे की गंभीरता को देख लग रहा है कि मरने वालों का आंकड़ा बढ़ सकता है. ट्रक के नीचे भी कुछ लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है.
इसे भी पढ़ें: रांची: चावल दिवस आज, कार्डधारकों को एक साथ मिलेगा दो महीने का राशन




