JharkhandLead NewsRanchi

राजधानी की सड़कों पर कचरा फेंका तो बढ़ सकती है मुसीबत, 600 से ज्यादा हाई रिजॉल्यूशन कैमरों से निगरानी शुरू

शहर में जहां-तहां गाड़ी पार्क करना भी पड़ सकता है महंगा, सड़कों पर अतिक्रमण को लेकर सख्त करवाई का निर्देश

Ranchi : यदि आप रांची में रहते हैं और आपको अपने घर व प्रतिष्ठान की सफाई कर शहर की सड़कों पर कचरा फेंकने की आदत है तो आपको अपनी आदत बदल लेनी चाहिए नहीं तो ये आदत आपको मुश्किल में डाल देगी और कभी भी रांची नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम आपके घर पहुंच सकती है. ऐसा इसलिए है क्योंकि अब ऐसी गलतियों के लिए नगर निगम को किसी शिकायत की जरूरत नहीं है. निगम की टीम 600 से ज्यादा हाई रिजॉल्यूशन कैमरों के साथ ऑनलाईन माध्यम से पूरे शहर पर 24 घंटे स्वच्छता और अतिक्रमण को लेकर निगरानी कर रही है. इस संदर्भ में बुधवार को रांची के नगर प्रशासक अमित कुमार ने रांची स्मार्ट सिटी के कमांड कंट्रोल एंड कम्यूनिकेशन सेंटर का निरीक्षण किया और नगर निगम तथा स्मार्ट सिटी के पदाधिकारियों के साथ बैठक भी की. बैठक के बाद नगर प्रशासक नें राजधानीवासियों से शहर की स्वच्छता में सहयोग करने और सड़कों को अतिक्रमणमुक्त रखने, सड़क पर जहां-तहां पार्किंग नहीं करने का आग्रह किया. उन्होंने पदाधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश भी दिये.

कमांड सेंटर के निरीक्षण/बैठक के बाद लिये गये निर्णय

स्वच्छता को लेकर निगरानी

शहर के 233 से ज्यादा लोकेशन पर लगे 600 से ज्यादा कैमरों (ये संख्या सर्विलांस कैमरों की है) की मदद से यह सुनिश्चित होगा कि किस जगह पर कौन व्यक्ति या संस्थान आद्तन कचरा फेंक रहा है और किस जगह पर नगर निगम की सफाई टीम नें कचरा डंप किया है. जानकारी प्राप्त होते ही कमांड सेंटर में बैठे निगमकर्मी संबंधित वार्ड के सुपरवाईजर और नगर निगम के कर्मियों को इसकी जानकारी देंगे. शहर के अति महत्वपूर्ण, महत्वपूर्ण और अन्य लोकेशन को हाई, मिडिल और लो प्राथमिकता सूची में चिन्हित कर निगम की वो टीम जो कमांड सेंटर में बैठ रही है बारी बारी से कैमरों के माध्यम से देखेगी. जिन जगहों पर रोज रोज ये समस्या आएगी और अगर समझाने पर नहीं समझे तो उनपर कानूनी कार्यवाई भी की जायेगा. धार्मिक स्थल, महापुरुषों की प्रतिमा और समाधि स्थल, स्कूल, हॉस्पिटल, होटल और अन्य पब्लिक प्लेस, महत्वपूर्ण संस्थानों को सफाई की निगरानी के लिहाज से टॉप प्रायरिटी में रखा गया है.

शहर में जल जमाव की समस्या

बैठक में ये भी निर्णय हुआ की साफ सफाई के साथ साथ सड़कों पर जल जमाव और जल जमाव से हो रही परेशानी की भी निगरानी इन कैमरों से होगी. इसके लिए कमांड सेंटर में दो शिफ्ट में नगर निगम की टीम भी रखी गयी है. ऐसी समस्या आनें पर त्वरित कार्यवायी के लिए नगर निगम के संबंधित विभाग को सूचित किया जाएगा.

सड़कों पर अतिक्रमण की निगरानी

रांची की सड़कों पर हो रहे अतिक्रमण पर लगाम लगानें के लिए कमांड सेंटर से निगरानी शुरू हो गयी है और जिस सड़क पर अगर कोई दुकान लगाता है तो कमांड सेंटर की ओर से इंफोर्समेंट टीम को सूचित किया जाएगा और उनपर त्वरित कार्रवाई होगी. जहां-तहां बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन मैटेरियल रखने पर भी रोक लगायी जायेगी.

सड़कों पर नो पार्किंग जोन में नहीं खड़ी होंगी गाड़ियां

शहर की सड़कों पर नो पार्किंग जोन में गाड़ी खड़ा करने वाले लोगों पर भी कार्रवायी की जा सकेगी. इसके लिए नगर निगम की टीम  ने शहर की सड़कों पर कैमरों से नजर रखना शुरू कर दिया है. इससे शहर की यातायात स्मूथ रहेगा.

बैठक में रहे मौजूद

बैठक में नगर प्रशासक अमित कुमार के साथ साथ, रांची नगर निगम के अपर प्रशासक कुंवर सिंह पाहन, रांची स्मार्ट सिटी के राकेश कुमार नंदक्योलियार, स्मार्ट सिटी के पीआरओ अमित कुमार,  उत्कर्ष कुमार, हॉनीवेल औटोमेशन लि. की ओर से अतुल अग्रवाल और रांची नगर निगम की ओर से प्रतिनियुक्त कर्मी मौजूद रहे.

इसे भी पढ़ें – ट्राइबल इकोनॉमी पर चर्चा करने के लिए 7-9 सितंबर तक रांची में जुटेंगे देश के 21 विख्यात अर्थशास्त्री

Related Articles

Back to top button