Bihar

कोविड टीकाकरण के लिए जागरुकता लाने में एनसीसी कैडेट्स करेंगे सहयोग

  • एनसीसी निदेशालय ने अभियान में कैडेट्स के सहयोग लेने का किया अनुरोध
  • राज्य प्रतिरक्षण पदाधिकारी ने दिये सीएस को निर्देश

Gaya: जिला में कोविड संक्रमण की रोकथाम के लिए चलाये जा रहे अभियान में अब एनसीसी कैडेट्स की भी मदद मिलेगी. बिहार राज्य स्वास्थ्य समिति के अपर निदेशक सह राज्य प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ नरेंद्र कुमार सिन्हा ने सिविल सर्जन को पत्र के माध्यम से इस दिशा में आवश्यक तैयारी किये जाने संबंधी निर्दश दिये हैं. जारी पत्र में कहा गया है कि एनसीसी निदेशालय बिहार एवं झारखंड द्वारा राज्य में चलाये जा रहे कोविड 19 टीकाकरण के संबंध में जनमानस में टीका के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से राज्य में उपलब्ध लगभग 60 हजार कैडेट्स का सहयोग लिये जाने का अनुरोध किया गया है. इसे ध्यान में रखते हुए आगे की रणनीति तैयार की जाये.

इसे भी पढ़ें :गेतलसूद फूड पार्क से सबक लेकर ही खाद्य प्रसंस्करण के नये उद्यम पर विचार करे राज्य सरकार : महेश पोद्दार

टीकाकरण में महत्वपूर्ण अंगों का मिल रहा सहयोग

स्वास्थ्य विभाग द्वारा आमजन को कोविड टीकाकरण के प्रति जागरूकता लाने तथा प्रेरित करने के लिए फ्रंट लाइन वर्कर्स तथा स्वास्थ्यकर्मियों के साथ साथ जीविका, आंगनबाड़ी सेविकाओं व पंचायत प्रतिनिधियों, शिक्षकों सहित विभिन्न कामगार संघों की भी मदद ली जा रही है. अब इस कार्य में नेशनल कैडेट कोर के सदस्यों की भी सहभागिता होगी.

एनसीसी कैडेट्स द्वारा ग्रामीण इलाकों तथा शहरी स्लम क्षेत्रों आदि में कोविड टीकाकरण की जरूरत और महत्व पर जागरूकता लाने का काम किया जायेगा. साथ ही इनकी मदद से टीकाकरण के प्रति व्याप्त भ्रांतियों व अफवाहों को दूर किया जा सकेगा.

इसे भी पढ़ें :कोविशील्ड की 5 लाख 30 हजार डोज पहुंची

आपदाओं में एनसीसी की महत्वपूर्ण भूमिका

राज्य में पूर्व में भी आपदाओं के दौरान एनसीसी कैडेट्स की मदद ली जाती रही है. बाढ़ व भूंकप जैसे आपदाओं में एनसीसी द्वारा राहत पहुंचाने के सराहनीय काम किये जाते रहे हैं. अब ऐसे में जब पूरा देश कोविड आपदा का सामना कर रहा है, राज्य में मौजूद 60 हजार एनसीसी कैडेट्स की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है.

कोविड टीकाकरण के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए एनसीसी के साथ राज्य सरकार के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों द्वारा एक योजना तैयार की जा रही है. विभिन्न जिलों में एनसीसी कार्यालय को इस संबंध में सूचित किया गया है.

इसे भी पढ़ें :खनन के लिए दी गयी जमीन का 56 हजार करोड़ बकाये का भुगतान करे कोल इंडियाः मुख्यमंत्री

इन बातों की लोगों को दी जायेगी जानकारी

कोविड टीकाकरण को लेकर एनसीसी कैडेट्स आमजन को इसके सुरक्षित और असरदार होने की जानकारी देंगे. लोगों को यह बताया जायेगा टीकाकरण संक्रमण से सुरक्षित रहने का एकमात्र उपाय है और टीकाकरण के बाद भी संक्रमण होने पर स्वास्थ्य को भारी नुकसान होने के खतरे से बचाव होगा.

साथ ही टीकाकरण से जुड़ी भ्रांतियों व मन में बैठे डर जैसे प्रजनन क्षमता पर असर या मर जाने के ख्याल को भी मनोवैज्ञानिक तरीके से हल किया जा सकेगा.

इसे भी पढ़ें :अतिक्रमण हटाओ अभियान से बेघर हुए लोगों का छलका दर्द- भगवान का पिंडा तो छोड़ देते

Related Articles

Back to top button