
Chaibasa : नक्सलियों द्वारा शहर के बीचोबीच पोस्टरबाजी के बाद चाईबासा पुलिस पूरी तरह चौकस हो गयी है. शहर को सीसीटीवी की निगरानी में लाने की तैयारी की जा रही है. दो दिन पहले उपायुक्त कार्यालय के समक्ष नक्सलियों के द्वारा पोस्टरबाजी किये जाने के बाद जिला पुलिस पूरी तरह चौकस हो गयी है. साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला पुलिस ने एक रोडमैप तैयार किया है, जिसमें पूरे चाईबासा और चक्रधरपुर शहर को सीसीटीवी की निगरानी में लाने की तैयारी है.
इसे भी पढ़ें : पुलिस ने तीन घंटे के अंदर सोहेब अली हत्याकांड के आरोपी को किया गिरफ्तार
पोस्टर में लोस चुनाव बहिष्कार की दी थी धमकी
लोकसभा चुनाव के नजदीक आते ही नक्सलियों ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है. चुनाव बहिष्कार करने के इरादे से नक्सली पोस्टरबाजी कर दहशत फैलाने का काम कर रहे हैं. इसी दौरान टाटा कॉलेज के बाउंड्री से सटे पेड़ों, दीवारों और आईटीआई कॉलेज के मुख्य गेट के सामने नक्सलियों ने पोस्टर चिपकाकर लोकसभा चुनाव बहिष्कार करने की धमकी दी थी. हालांकि पोस्टरबाजी की घटना से पुलिस साफ इनकार कर रही है.
इसे भी पढ़ें : रांची के हिंदपीढ़ी में दिनदहाड़े गोलीबारी, सोहेब अली नाम के युवक की हत्या
असामाजिक तत्व कर रहे हैं पोस्टरबाजी
दो दिन पहले चाईबासा में उपायुक्त कार्यालय के सामने नक्सलियों के नाम पर की गयी पोस्टरबाजी के मामले में पुलिस का कहना है कि असामाजिक तत्वों के द्वारा पोस्टरबाजी कर चुनाव से पहले दहशत फैलाने का प्रयास किया जा रहा है. जिसको लेकर पुलिस को कुछ सुराग भी मिले हैं. इन्हीं सब बातों को ध्यान में रखते हुए उन्होंने पूरे मामले की समीक्षा कर एक पुलिस चौकी स्थापित की जायेगी.
इसे भी पढ़ें : बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ का लोकसभा क्षेत्र चाईबासा कुपोषण के मामले में देश भर में सबसे…
लोस चुनाव संपन्न कराने के लिए कृत संकल्प है पुलिस
चाईबासा एसपी ने कहा कि चुनाव से पहले असामाजिक तत्वों के द्वारा दहशत फैलाने की पूरी कोशिश की जा रही है. परंतु जिले में नक्सलियों का कोई वजूद नहीं रह गया है. लोगों को नक्सलियों के खौफ से डरने की जरूरत नहीं है. जिला पुलिस बल उनकी सुरक्षा को लेकर तत्पर है और पूरी तरह से भयमुक्त वातावरण में लोकसभा चुनाव संपन्न कराने के लिए कृत संकल्प है.
इसे भी पढ़ें : रांची : जमीन कारोबारी की हत्या से पहले पुलिस ने कुख्यात वसीम गोजा को किया गिरफ्तार, पूछताछ जारी




