
Jamshedpur : सिदगोड़ा थाना अंतर्गत पदमा रोड निवासी वैभव प्रसाद सिंह से 18 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है. घटना 23 जुलाई 2020 से लेकर 30 अक्टूबर 2020 के बीच की है. घटना स्थल मानगो पोस्ट ऑफिस रोड बताया गया है. इस मामले में वैभव प्रसाद के बयान पर मानगो थाना में उलीडीह के रहने वाले मुनजी भारती, परसुडीह के सोपोडेरा निवासी जनार्दन प्रसाद और शुभम कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी करने का मामला दर्ज किया गया है. मिली जानकारी के अनुसार वैभव प्रसाद सिंह आरोपियों की एजेंसी में सुरक्षाकर्मी का काम करते थे. उनका कुल पेमेंट कुल 18 हजार हुआ था, जो आरोपियों ने उन्हें नहीं दिया. इसी को लेकर उन्होंने थाने में उनके खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
बिष्टुपुर में जमीन विवाद में दो पक्षों में मारपीट, थाने में काउंटर केस
बिष्टुपुर थाना अंतर्गत ओसी रोड में जमीन विवाद में स्थानीय गुरुद्वारा रोड निवासी हरविंदर सिंह और ओ रोड निवासी नवतेज सिंह के बीच मारपीट की घटना घटी. इस मामले में दोनों पक्षों ने थाना में एक दूसरे के खिलाफ मामला दर्ज कराया है. एक पक्ष के नवतेज के बयान पर दर्शन सिंह, उसकी पत्नी कुलवंत कौर, बेटा सनी सिंह और साथी के खिलाफ ओसी रोड में एक राय होकर मारपीट करना और चोरी करने का मामला दर्ज किया गया. वहीं दूसरे पक्ष के हरविंदर सिंह के बयान पर नवतेज सिंह और उसके साथियों के खिलाफ एकमत होकर मारपीट करने का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
पटमदा में महिला का शव मिला, पुलिस जुटी पहचान में
पटमदा थाना अंतर्गत रागाटाङ में एक महिला मृत पाई गई. महिला की अब तक पहचान नहीं हो पाई है. वैसे उसकी बीमारी के कारण मौत की आशंका जताई जा रही है. इस मामले में चौकीदार चुङदा निवासी विश्वनाथ सिंह के बयान पर थाना में अस्वभाविक मौत का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही मृतका की पहचान की कोशिश की जा रही है.
इसे भी पढ़ें – लातेहार में चाऊमीन बेचने वाला ड्रीम इलेवन से रातों रात बना लखपति, जीते 57 लाख




