
Patna: कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद शनिवार को पहली बार राहुल गांधी बिहार की राजधानी पटना पहुंच रहे हैं. मानहानि के एक केस में उनकी पेशी होनी है, जिसके लिये वो पटना आ रहे हैं.
लेकिन कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता अभी भी राहुल से उनका इस्तीफा वापस लेने की अपील कर रहे हैं. ऐसी ही एक अपील के साथ राजधानी पटना में पोस्टर लगाये गये हैं.
जिसमें लिखा है कि अगर राहुल गांधी ने इस्तीफा वापस नहीं लिया तो कांग्रेस कार्यकर्ता आत्मदाह कर लेंगे.
इस्तीफा वापस नहीं लेने पर करेंगे आत्मदाह
राहुल गांधी पर पार्टी द्वारा लगातार इस्तीफा वापस लेने के लिए दबाव बनाया जा रहा है. इधर पटना पहुंच रहे राहुल से कार्यकर्ताओं ने पोस्टर के जरिये अपील की है कि अगर उन्होंने अपना इस्तीफा वापस नहीं लिया तो कांग्रेस कार्यकर्ता आत्मदाह करेंगे.
मानहानि केस में पेश होंगे राहुल गांधी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी मानहानि के मामले में शनिवार को पटना सिविल कोर्ट में पेश होंगे. मानहानि का ये मुकदमा बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने किया है. खबर है कि राहुल गांधी पटना एयरपोर्ट से सीधे सिविल कोर्ट जाएंगे, जहां उनके मामले की सुनवाई होनी है.
इसे भी पढ़ेंःकार्य में लापरवाही बरतने के आरोप में BCCL के छह बड़े अधिकारियों को शोकॉज
दरअसल, लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान राहुल गांधी ने कहा था कि, ‘सभी मोदी चोर’ हैं. राहुल गांधी ने एक रैली में कहा था, ‘आखिर सभी चोरों का नाम मोदी क्यों होता है?
अपने भाषण में राहुल गांधी ने कहा था कि भगोड़े उद्योगपतियों में नीरव और ललित मोदी का उदाहरण देते हुए इसका जिक्र किया था. राहुल गांधी ने कहा था, ‘सारे चोरों के उपनाम मोदी क्यों हैं.’
पेशी से पहले बोले राहुल- सत्यमेव जयते
मानहानि मामले में पटना की अदालत में पेश होने से पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, ‘‘सत्यमेव जयते.’’
गांधी ने पटना पहुंचने से पहले ट्वीट कर कहा, ‘मैं पटना की दीवानी अदालत में दिन में दो बजे पेश होऊंगा. आरएसएस/भाजपा में मेरे राजनीतिक विरोधियों की ओर से मुझे परेशान करने और धमकाने के लिए दायर किया गया यह एक और मामला है. सत्यमेव जयते.’
इसे भी पढ़ेंःरांचीः पिटाई के विरोध में प्रदर्शन कर रहे एक समुदाय के लोगों ने कईयों को पीटा, चाकू मार एक को किया घायल




