
Dhanbad : कार्य में लापरवाही बरतने को लेकर बीसीसीएल ने अपने छह बड़े पदाधिकारियों को कारण बताओ नोटिस भेजा है.
दरअसल, कोयला खनन को लेकर मानसून से पहले बीसीसीएल मुख्यालय कोयला भवन की ओर से कई निर्देश जारी किये गये थे जिसमें अधिकारियों को खदान में मानसून की स्थिति पर नजर रखने, मानसून की तैयारी को लेकर गंभीरता बरतने, नियमित निरीक्षण, ड्रेन की सफाई सहित कई निर्देश दिये गये थे.
लेकिन जिन अधिकारियों को इन कामों के निष्पादन की जिम्मेवारी दी गयी थी उन सबने अपने कार्य में लापरवाही बरती. इसके बाद अधिकारियों द्वारा की गयी समीक्षा बैठक में सभी संबंधित अधिकारियों को शो कॉज नोटिस दिया गया है.
इसे भी पढ़ें : राजधानी रांची की 22 किमी लम्बी मुख्य सड़क में 72 गड्ढे, अधिकांश जानलेवा
जानिये क्या है पूरा मामला
कोयलांचल में 28 जून से शुरू हुई बारिश ने बीसीसीएल की ब्लॉक चार में की गयी तैयारियों की पोल खोलकर रख दी थी. बीसीसीएल के इस एरिया की एबी ओपनकास्ट परियोजना में बारिश के कारण एक शॉवेल मशीन व डंपर धंस गया था.
इसी घटना को गंभीरता से लेते हुए बीसीसीएल के आला अधिकारियों ने मुख्यालय में तैनात चीफ मैनेजर माइनिंग सह नोडल अफसर, सेफ्टी अफसर, एरिया मैनेजर सिविल, परियोजना प्रमुख, प्रबंधक, कोलियरी अभियंता को शॉकॉज जारी किया है.
यह निर्णय अधिरारियों की बैठक में लिया गया. मामले की जांच जीएम माइनिंग बीके सिन्हा ने की थी. उन्होंने अपनी रिपोर्ट में मानसून की तैयारियों में हुई कई तरह की खामियों का जिक्र किया है. इसके लिए इन अधिकारियों पर जवाबदेही तय की है.
इस रिपोर्ट पर तकनीकी निदेशक प्रोजेक्ट एंड प्लानिंग राकेश कुमार ने कार्रवाई की कवायद शुरू कर दी है. मुख्यालय की ओर से शुरू हुई कार्रवाई से हड़कंप मच गया है.
इसे भी पढ़ें : मंत्री का बेतुका बयानः केकड़ों के कारण टूटा तिवारे डैम, हादसे में हुई थी 23 लोगों की मौत
इन अधिकारियों को जारी किया गया है नोटिस
मानसून की तैयारी को लेकर गंभीरता नहीं बरतने व नियमित निरीक्षण नहीं करने को लेकर आइएसओ मुख्यालय में पदस्थ चीफ मैनेजर माइनिंग सह नोडल अधिकारी एसडी ध्रुव को नोटिस भेजा गया है.
कार्य में लापरवाही के लिए परियोजना पदाधिकारी मिलन साहा को नोटिस भेजा गया है. इनके अलावा एरिया मैनेजर सिविल कुंदन कुमार, मैनेजर अरविंद कुमार, एरिया सेफ्टी मैनेजर डी हाजरा को नोटिस भेजा गया है.
लापरवाही के कारण बीसीसीएल में हुए हैं कई खान हादसे
अग्नि प्रभावित क्षेत्र होने के कारण बीसीसीएल के कई भूमिगत खदानों में कब कहां से बरसात का पानी घुस जाय, इसका अंदाजा लगा पाना संभव नहीं है.
ऐसी स्थिति से निपटने के लिए मानसून से पहले बीसीसीएल मुख्यालय द्वारा पूरी तैयारी की जाती है. मुख्यालय द्वारा फंड भी जारी किया जाता है. लेकिन इस बार राशि के दुरूपयोग के लिए पूरी तरह से अनियमितता बरती गयी.
जिन अधिकारियो को इस कार्य के लिए नियुक्त किया गया था सभी ने कार्य में लीपापोती की. पूर्व में बीसीसीएल के लोदना एरिया, एरिया-09 की खदानों में मानसून का पानी घुस गया था जिससे कई दिनों तक उत्पादन प्रभावित रहा था.
इस पूरे मामले पर डायरेक्टर टेक्निकल राकेश कुमार, बीसीसीएल ने बताया कि काम में लापरवाही के कारण सभी को शोकॉज नोटिस जारी किया गया है. काम में लापरवाही बरदाश्त नहीं की जायेगी.
इसे भी पढ़ें : बेरमो : स्कूल के गर्वनिंग बॉडी की मीटिंग में चले लात-घूंसे, वकील घायल, प्रबंधक चोटिल




