
Jamshedpur : कोल्हान के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल एमजीएम अस्पताल में काम करने वाले 65 सफाईकर्मियों को प्रोत्साहन भत्ता अभी तक नहीं मिला है. ये सभी सफाईकर्मी आउटसोर्सिंग पर काम करते हैं. ये सफाईकर्मी कई बार प्रोत्साहन भत्ते की मांग को लेकर प्रबंधन से मिल चुके हैं, लेकिन उन्हें भुगतान नहीं किया गया. मंगलवार को इसे लेकर सभी आउटसोर्सिंग सफाइकर्मियों ने बैठक की और अस्पताल के अधीक्षक अरुण कुमार का करीब ढाई घंटे तक घेराव किया. अस्पताल प्रबंधन पर आरोप लगाया कि कोरोना काल में उनके द्वारा किये गये कार्यों के एवज में प्रोत्साहन राशि का भुगतान नहीं किया गया. जब उनकी ओर से मांग की जाती है, तो अस्पताल प्रबंधन आश्वासन देकर आगे की तारीख दे देता है. इसपर अस्पताल अधीक्षक का कहना था कि आउटसोर्सिंग स्टाफ को प्रोत्साहन राशि ठेकेदार ही देगा. इसके बाद आउटसोर्सिंग एजेंसी के मैनेजर को बुलाया गया. मैनेजर का कहना था कि जब तक अस्पताल प्रबंधन की ओर से उन्हें इस संबंध में लेटर नहीं दिया जायेगा, तब तक उनकी कंपनी किस आधार पर आउटसोर्सिंग स्टाफ को प्रोत्साहन राशि देगी.
फिर यह तय किया गया कि प्रबंधन 24 घंटे में ठेकेदार को लेटर देगा, इसके बाद उन्हें प्रोत्साहन भत्ते का भुगतान कर दिया जायेगा. इसके बाद सफाइकर्मी यह चेतावनी देते हुए काम पर लौटे कि भत्ता नहीं मिलने पर वे फिर से आंदोलन का रुख अख्तियार करेंगे. सफाइकर्मियों का नेतृत्व रवि नामता, सागर मुखी, धीरज मुखी आदि ने किया.
इसे भी पढ़ें – भारत में निजी क्षेत्र में निवेश का नेतृत्व करेगा इस्पात उद्योग, टाटा स्टील की क्षमता सालाना 50 मिलियन टन होगी : नरेंद्रन




