
Palamu: पांकी विधायक डॉ कुशवाहा शशिभूषण मेहता ने मंगलवार को नीलाम्बर पीताम्बरपुर क्षेत्र में मृतक फास्टफूड दुकानदार छोटू चंद्रवंशी के परिजनों से मिलकर घटना की जानकारी ली और परिजनों को आर्थिक सहयोग राशि प्रदान की. बताते चलें कि 11 जून की रात अज्ञात अपराधियों ने चाउमीन दुकानदार छोटू चंद्रवंशी उर्फ ननकू की गोली मारकर हत्या कर दी थी. घटना से गुस्साए लोगों ने लेस्लीगंज थाना का घेराव कर जमकर प्रदर्शन किया था. मंगलवार की सुबह पांकी विधायक डॉ शशिभूषण मेहता मृतक छोटू के परिजनों से मिलने उनके घर पहुंचे. जहां विधायक डॉ मेहता ने मृतक छोटू के परिजनों को 30 हजार आर्थिक सहयोग राशि प्रदान की.
इसे भी पढ़ें: पलामू: पुलिस लाइन में दो जवानों की मौत, बीमारी और हार्ट अटैक से गई जान
इस दौरान विधायक डॉ. मेहता ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए इसमें शामिल अपराधियों की जल्द गिरफ्तार करने की मांग पुलिस प्रशासन से की है. विधायक डॉ मेहता ने कहा कि छोटू चंद्रवंशी हत्याकांड के आरोपी और पूर्व विधायक की घनिष्ठा की जांच जरूरी है. ताकि घटना का उद्भेदन किया जा सके. विधायक डॉ. मेहता ने कहा कि छोटू हत्याकांड में रोहित सिंह और मल्लिक सिंह का नाम सामने आया है. उनपर पूर्व विधायक का वर्षों से संरक्षण प्राप्त हैं. रोहित सिंह और मल्लिक सिंह एक बड़ा टेरर है. रोहित सिंह और मल्लिक सिंह का नाम आते ही क्षेत्र के लोग कांपने लगते हैं. एक सप्ताह पूर्व रोहित सिंह और मल्लिक सिंह ने दुकान हटाने की धमकी छोटू को दी थी.
एक सवाल के जबाव में विधायक डॉ मेहता ने कहा कि चार साल के अंतराल में इस तरह की पहली घटना है. कहा कि चुनाव नजदीक आते ही क्षेत्र में दहशत पैदा करने के लिए इस तरह की घटना को अंजाम दिया जा रहा है. इसकी गहनता से जांच होनी चाहिए- उन्होंने बताया कि बहुत जल्द सूबे के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलकर छोटू हत्याकांड के आरोपी और पूर्व विधायक की आपसी घनिष्ठा की जांच की मांग करेंगे, ताकि पांकी विधानसभा में अपराधियों का संरक्षण देने वालों के चेहरे से नाकाब उतर सके. उन्होंने कहा कि किसी भी कीमत में अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा.
विधायक डॉ मेहता ने कहा कि पूर्व विधायक सिर्फ घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं. एक गरीब परिवार के बेटे को गोली मारकर छीन लिया गया और बाद में नाटक किया जा रहा है, जो बेहद दुखद घटना है.विदित हो कि छोटू हत्याकांड मामले में पुलिस ने रोहित सिंह और श्रवण कुमार को गिरफ्तार किया है. जबकि अन्य आरोपी की तलाश में पुलिस जुटी हुई है। पुलिस छोटू के दोस्त को भी हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.




