JharkhandPalamu

पलामू: चित्र प्रदर्शनी में शामिल हुईं केन्द्रीय राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी, कहा-शहीदों को गुमनामी से बाहर निकाल कर लाएं सामने

Palamu: आजादी का अमृत महोत्सव, एक भारत श्रेष्ठ भारत एवं संविधान दिवस के मौके पर आयोजित इस तरह की चित्र प्रदर्शनी से पलामू के स्वतंत्रता सेनानियों के बारे में काफी कुछ जानकारी मिल रही है. प्रदर्शनी में संविधान निर्माण में पलामू की भूमिका पर भी काफी विस्तृत जानकारी दी गई है. यह चित्र प्रदर्शनी तभी सफल होगी, जब इससे  प्रेरणा लेकर यहां मौजूद बच्चे अपने आसपास से जानकारी जुटाकर आजादी के गुमनाम शहीदों को ढूंढ निकलें एवं उन्हें उचित मंच तक पहुंचाएं. उक्त बातें केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी ने केंद्रीय संचार ब्यूरो, डालटनगंज द्वारा आयोजित तीन दिवसीय चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन करने के दौरान शुक्रवार को कहीं.

इससे पहले केंद्रीय मंत्री का क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी गौरव कुमार पुष्कर ने पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया. इसके बाद मंत्री ने सेल्फी विथ पीएम एवं सेल्फी बूथ में फोटो भी खिंचाई. मंत्री के साथ डालटनगंज के विधायक आलोक चौरसिया, पांकी के विधायक डा. शशिभूषण मेहता, मेदिनीनगर नगर निगम की महापौर श्रीमती अरुण शंकर ने संयुक्त रूप से प्रदर्शनी का अवलोकन किया एवं दीप प्रज्जवलित कर दूसरे दिन के समारोह का उद्घाटन किया.

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आजादी के गुमनाम नायकों के बारे में जानकारी इकट्ठा करने के लिए शिक्षा मंत्रालय के द्वारा भी पहल की जा रही है. विभिन्न स्पर्द्धाओं के माध्यम से बच्चों को उनके बारे में जानकारी दी जा रही है.

राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के बारे में बताते हुए मंत्री ने कहा कि इससे शिक्षा की पुरानी व्यवस्था में बदलाव आ रहा है. छात्रों को रुचि के अनुसार से पढ़ाई की सहूलियत हो गई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा युवाओं के लिए शुरू की गई व्यावसायिक शिक्षा से पढ़ाई के साथ-साथ कमाई का भी मौका मिल रहा है.

गांधी स्मृति टाउन हॉल में गिरिवर प्लस टू स्कूल के बच्चों के बीच भाषण एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. विजेता प्रतिभागियों को केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री के हाथों पुरस्कृत किया गया.

इस मौके पर गिरिवर प्लस टू स्कूल के प्रचार्य नीरज कुमार द्विवेदी, क्षेत्रीय प्रचार सहायक मनोज कुमार, तकनीकी सहायक अंजनी कुमार मिश्रा, गिरिवर प्लस टू उच्च विद्यालय के कई शिक्षक मौजूद थे.

प्रभात मिश्र ‘सुमन’ को एफपीओ ने किया सम्मानित

संविधान निर्माण में पलामू की भूमिका पर जानकारी इकट्ठा करने वाले वरीय शिक्षाविद् एवं वरिष्ठ पत्रकार प्रभात मिश्र सुमन को सीबीसी, डालटनगंज के क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी श्री गौरव कुमार पुष्कर ने अंगवस्त्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया. इस दौरान श्री मिश्र ने उपस्थित लोगों को पलामू के इतिहास एवं स्वतंत्रता सेनानियों के बारे में भी जानकारी दी.

बता दें कि तीन दिवसीय चित्र प्रदर्शनी का समापन समारोह शनिवार को दोपहर 12 से आयोजित किया जाएगा. समापन समारोह के मुख्य अतिथि पलामू जिले के उपायुक्त आंजनेयुलु डोड्डे होंगे एवं गणमान्य अतिथि के तौर पर वरीय शिक्षा विद् प्रभात सुमन मिश्रा एवं अन्य लोग मौजूद रहेंगे.

इसे भी पढ़ें: गढ़वा में लड़की पर छींटाकशी करने को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प, महिला सहित 8 लोग घायल

Related Articles

Back to top button