
Palamu : कोरोना वायरस और लॉकडाउन का व्यापक असर इस वर्ष रामनवमी पूजा पर रहा. मेदिनीनगर में 1934 के बाद पहली बार सांकेतिक रूप से रामनवमी मनायी गयी, वहीं इससे सटे चैनपुर में 20 वर्ष बाद पांच झंडों के साथ नगर भ्रमण कर पूजा का समापन किया गया.
पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर में श्री महावीर नवयुवक दल जेनरल के द्वारा गुरुवार को नवमी की पूजा अर्चना की गयी. स्थानीय कोयल तट स्थित शिवाला घाट मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित विजय पांडेय व पंडित सुनील पांडेय ने पूजा अर्चना की. इस दौरान जेनरल के एक भी सदस्य मौजूद नहीं थे. लॉकडाउन के कारण जेनरल अध्यक्ष दुर्गा प्रसाद जौहरी ने सभी सदस्यों को लाकडाउन में अपने-अपने घरों में ही रामनवमी की पूजा करने का आग्रह किया था और परंपरागत पूजा अर्चना सिर्फ पुरोहित के जिम्मे थी.
इसे भी पढ़ें – #FightAgainstCorona : युद्धपोत, प्लेन से लेकर सेना की पूरी मशीनरी अलर्ट पर, 8,500 डॉक्टर भी तैयार
विभिन्न पूजा समितियों ने भी सांकेतिक रूप से महोत्सव मनाया
वहीं दूसरी ओर शहर के विभिन्न इलाकों में सभी अखाड़ा पूजा कमेटियों ने अपने परंपरागत पूजा स्थल पर ही सांकेतिकता के साथ पूजा अर्चना की. चंद्रशेखर आजाद चौक रेड़मा, जीएलए कॉलेज, बारालोटा, जनकपुरी, रेड़मा देवीमंडप, आबादगंज, जेलहाता, बेलवाटीका, बैरिया, निमिया कांदू मुहल्ला, नावाटोली, सद्दीक चैक, हमीदगंज, जिला स्कूल चैक, सहित बाजार क्षेत्र की सभी कमिटियों ने पारंपरिकता के साथ पूजा अर्चना की.
इसे भी पढ़ें – देश में #Covid-19 के मामले बढ़कर 1965, मृतकों की संख्या 52 पहुंची
जेनरल ने जताया आभार
इधर, ग्रामीण क्षेत्रों में भी इस वर्ष पूजा अर्चना पारंपरिक स्थलों पर सांकेतिक रूप में की गयी. जेनरल के अध्यक्ष दुर्गा प्रसाद जौहरी व सदस्य नवीन तिवारी ने सभी पूजा कमेटी के पदाधिकारी एवं सदस्यों का इस लॉकडाउन में सहयोग करने के लिए आभार व्यक्त किया है.
उन्होंने उम्मीद जतायी है कि इस वर्ष कोरोना वायरस के संभावित खतरे से बचाव के कारण रामनवमी पूजा सांकेतिक रुप में मनायी जा रही है, लेकिन अगले वर्ष सबकुछ ठीक ठाक रहा तो पूरी भव्यता के साथ रामनवमी पूजा उत्सव मनाया जायेगा.
चैनपुर-शाहपुर में पांच झंडों के साथ हुआ नगर भ्रमण
जिला मुख्यालय मेदिनीनगर से सटे चैनपुर के शाहपुर में रामनवमी पर पांच झंडों के साथ नगर भ्रमण किया गया. इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा ख्याल किया गया. नगर भ्रमण के बाद बाजार मुहल्ला स्थित महावीर मंदिर में पूजा अर्चना के बाद कार्यक्रम का समापन हुआ.
इसे भी पढ़ें – हिंदपीढ़ी में #Corona स्क्रीनिंग के लिए गयी मेडिकल टीम का विरोध, बिना जांच के लौटी



