
Palamu: जिले के छत्तरपुर अनुमंडल मुख्यालय के नौडीहा बाजार प्रखंड अंतर्गत करकट्टा पंचायत के तहत लगभग तीन हजार फीट ऊंची पहाड़ी पर बसा पाल्हे, तुरकुन व करमा गाँव में आजादी के 75 वर्ष बाद प्रशासनिक महकमा पहुंचा. प्रशासनिक अधिकारियों को यहां पहुंचने के लिए तीन किलोमीटर पैदल चलना पड़ा. यहां उपायुक्त आंजनेयुलू दोड्डे के नेतृत्व में जहां परिसंपत्तियों का वितरण किया गया, वहीं आदिम जनजातियों के साथ संवाद स्थापित किया गया. बता दें कि उपरोक्त तीन गांव बुनियादी सुविधाओं से वंचित है. इस गांव में आदिम जनजाति व खरवार जाति के लोग बसे हुए है.
इसे भी पढ़ें: पलामू: चापाकल का पानी पीकर मध्य विद्यालय की तीन छात्राएं बेहोश, हंगामा

क्या है गांव की स्थिति
आजादी के 75 वर्ष बाद भी इस गांव के लोग सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छ एवं शुद्ध पीने के पानी से वंचित हैं. विद्यालय भवन होते हुए भी विद्यालय में कक्षाएं संचालित नहीं होती है. गांव में आंगनबाड़ी केंद्र, स्वास्थ्य उपकेंद्र नहीं है. पेयजल हेतु पूरे गांव में एक भी चापानल नहीं है. पूरे गांव में केवल एक पुराना जीर्णशीर्ण कुंआ है, उसी से पूरे गांव के लोगों की प्यास बुझती है. गांव की आबादी में 15 आदिम जनजाति, 15 खरवार जाति एवं 12 रिखी मुनि हैं. अति संवेदनशील व अति उग्रवाद प्रभावित क्षेत्र होने के कारण आजतक कोई भी जन प्रतिनिधि व प्रशासनिक अधिकारी उस गांव में नहीं पहुंचा था.

उपायुक्त ने ग्रामीणों संग किया संवाद
उपायुक्त ने यहां कई सालों से पहाड़ पर निवास कर रहे आदिम जनजाति के लोगों संग संवाद कर उनकी जरूरतों व समस्याओं से अवगत हुए. इस दौरान स्थनीय ग्रामीणों ने पीएम आवास, अंबेडकर आवास, पानी, बिजली, पेंशन, शिक्षा, राशन, आंगनवाड़ी, सड़क, रोजगार आदि से संबंधित समस्याओं को रखा. उपायुक्त ने कई लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया साथ ही बच्चों के बीच खिलौने व टॉफी का भी वितरण किया. उपायुक्त से ग्रामीणों ने गांव में बंद पड़े स्कूल को फिर से खोलवाने की मांग की. साथ ही तालाब निर्माण हेतु भी अनुरोध किया. ग्रामीणों से संवाद के पश्चात उपायुक्त ने गीता कुमारी, रंजू देवी व कइल बैगा का ऑन स्पॉट पेंशन स्वीकृत किया. साथ ही लोगों के बीच बढ़ती ठंड के मद्देनजर कंबल का भी वितरण किया.

उपायुक्त ने कहा कि ग्रामीणों द्वारा कई मांग की गई हैं जिसे जल्द से जल्द पूरा करने का प्रयास किया जायेगा. उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की मांग के अनुरूप शीघ्र ही तालाब निर्माण की स्वीकृति दी जायेगी. साथ ही शिक्षा विभाग से समन्वय स्थापित कर स्कूल का संचालन पुनः शुरू करवाया जाएगा. उन्होंने कहा कि यहां पहुंचने का रास्ता कठिन है. रास्ते को सुगम बनाने हेतु वन विभाग से समन्वय स्थापित कर सड़क निर्माण की दिशा में जल्द ही कार्य प्रारंभ किया जाएगा. साथ ही बच्चे कुपोषण का शिकार ना हो इसके लिए नया आंगनवाड़ी केंद्र का भी संचालन किया जाएगा.
उपायुक्त ने रोजगार हेतु तीन युवाओं का चयन किया, जिन्हें मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा. साथ ही यहां के स्थानीय ग्रामीणों के कोविड वैक्सीनेशन हेतु मोटर एंबुलेंस की व्यवस्था भी करवाई जाएगी. ज्ञातव्य है कि सड़क नहीं रहने के कारण इस इलाके के कई गॉंवों में एएनएम नहीं पहुंच पायी थी, जिसके कारण इस क्षेत्र में वैक्सीनेशन का कार्य नहीं हो पाया था. मौके पर उप विकास आयुक्त रवि आनंद, जिला आपूर्ति पदाधिकारी शब्बीर अहमद, जिला शिक्षा सामाजिक सुरक्षा के सहायक निदेशक पीयूष, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता आशुतोष कुमार, नौडीहा बाजार के प्रखंड विकास पदाधिकारी जितेंद्र मंडल,स्थनीय मुखिया मंजू देवी समेत अन्य उपस्थित थे.
12 दिसम्बर को राधाकृष्ण किशोर पहुंचे थे गांव में
गत 12 दिसम्बर को मोटरसाइकिल व पैदल पथ के रास्ते पूर्व मंत्री राधाकृष्ण किशोर युवा नेता प्रशांत किशोर उर्फ बंकू के साथ तीन हजार फीट ऊँचाई पर बसे पाल्हे गांव पहुंचे थे. चारों तरफ पहाड़ों से घिरे उक्त गाँव मंे जान जोखिम में डालकर पहुंचे पूर्व मंत्री श्री किशोर ने गांव के सभी आदिम जनजाति व खरवार जाति के ग्रामीण पुरुष व महिलाओं से मिलकर उनकी समस्याओं से अवगत हुए. इसके बाद 20 दिसम्बर को श्री किशोर ने उपरोक्त गांव की समस्याओं से राज्य के समाज कल्याण और शिक्षा मंत्री को अवगत कराते हुए उचित पहल करने की अपील की थी. दोनों मंत्रियों ने उचित कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया था.




