
Palamu: लोकसभा चुनाव से पहले पुलिस पार्टी को दहलाने की साजिश नाकाम हो गयी है. पलामू-लातेहार सीमा से सीआरपीएफ और जिला पुलिस ने सर्च अभियान चलाकर पांच सिलेंडर बम बरामद किया है. पुलिस इसे बड़ी कामयाबी मान रही है. बताया जा रहा है कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ये सफलता हासिल की है.
इसे भी पढ़ेंःहजारीबागः सुरक्षाबलों और टीपीसी में मुठभेड़, तीन नक्सली ढेर
एसपी की गुप्त सूचना पर मिले बम
लातेहार के एसपी प्रशांत आनन्द को गुप्त सूचना मिली थी कि पलामू के सीमावर्ती इलाके हेरहंज थाना क्षेत्र के कुख्यात सासंग जंगल में पुलिस पार्टी को उड़ाने के लिए सिलेंडर बम लगाए गए हैं. सूचना पर सीआरपीएफ बी 11 बटालियन के सहायक कमांडेंट अमित सचान और हेरहंज थाना प्रभारी नित्यानंद सिंह के नेतृत्व में टीम बनायी गयी. सर्च अभियान चलाकर सभी बमों को बरामद किया गया.
पांच केजी के चार और 10 केजी के एक बम मिले
सावधानी पूर्वक सर्च अभियान चलाकर एक-एक करके सारे बमों को पहाड़ की तरायी से बरामद किया गया. पत्थरों के पाट में बोरे में बंद कर सभी बमों को छिपाकर रखा गया था. बरामद बमों में पांच किलो के चार और 10 किलो के एक बम हैं. सहायक कमांडेंट ने बताया कि बरामद बमों से पुलिस पार्टी को भारी नुकसान पहुंचता.
इसे भी पढ़ेंःसाहेबगंजः आपस में भिड़े भाजपाई-जमकर हुई हाथापाई, देखें वीडियो
घोर नक्सल प्रभावित इलाकों में गिना जाता है सांसग
हेरहंज का सांसग इलाका लातेहार जिले के घोर नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में से एक है. यह इलाका कई नक्सली घटनाओं का गवाह रहा है. सांसग का क्षेत्र पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र से सटता है.
इसे भी पढ़ेंःजम्मू कश्मीर: बस स्टैंड पर ग्रेनेड से हमला
गौरतलब है कि पलामू प्रमंडल के जिन इलाकों में नक्सलियों की गतिविधि रही है, वहां लोकसभा चुनाव को देखते हुए पुलिस और सीआरपीएफ संयुक्त रूप से इलाके को सेनेटाइज्ड करने के लिए लगातार अभियान चला रहे हैं. सटीक और पुख्ता खुफिया तंत्र के भरोसे इसमें पुलिस और सीआरपीएफ को लगातार सफलता मिल रही है.




