JharkhandPalamu

नीति आयोग की रैकिंग में लगातार पिछड़ रहा पलामू, डाटा उपलब्ध नहीं होने के कारण बनी स्थिति 

Palamu : पदाधिकारियों की सुस्ती से पलामू जिला नीति आयोग की रैकिंग में पिछड़ गया है. नवंबर 2020 तक के डाटा के अनुसार पलामू रैकिंग में 77वें स्थान पर था, लेकिन इसके बाद डाटा उपलब्ध नहीं कराये जाने के कारण इसमें गिरावट दर्ज की गयी. जिले के उपायुक्त शशि रंजन की अध्यक्षता में नीति आयोग द्वारा निर्धारित मानकों के लिए जिले में किये जा रहे कार्यों की समीक्षा बैठक के दौरान इसका खुलासा हुआ.

बैठक में पलामू के विकास से संबंधित निर्धारित सात प्रमुख प्रक्षेत्र (कृषि एवं जल संसाधन, हेल्थ एंड न्यूट्रिशन, स्किल डेवलपमेंट, शिक्षा, वित्तिय समवेषन तथा मौलिक आधारभूत संरचना) के लिए अब तक किये गये कार्य में प्रगति की समीक्षा की.

बताते चलें कि नवंबर 2020 के डाटा के अनुसार पलामू 77वें स्थान पर था. रैंकिंग को सुधारने के लिए उपायुक्त ने निर्धारित मानकों में सुधार लाने के लिए संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया.

इसे भी पढ़ें : विराट कोहली बने पापा, अनुष्का ने बेटी को दिया जन्म

बैठक में एडीएफ अक्षय एवं चितवन ने बताया कि विभिन्न विभागों के द्वारा समय पर डाटा नहीं दिया जा रहा है जिससे पलामू की रैंकिंग में गिरावट देखने को मिल रही है. उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों को ससमय डाटा नीति आयोग को भेजने का निर्देश दिया.

जिला योजना पदाधिकारी शाहिद अहमद ने बताया कि जिला शिक्षा पदाधिकारी उपेंद्र नारायण द्वारा जिले भर के स्कूलों का सर्वे किया गया है. सर्वे में कुछ स्कूलों में फंक्शनल टॉयलेट की कमी पायी गयी है. साथ ही साथ कुछ स्कूलों में पीने के पानी की व्यवस्था नहीं है.

उपायुक्त ने स्कूलों में शौचालय का जल्द से जल्द निर्माण करने का निर्देश दिया. इसके अलावा मॉडल क्लास रूम को भी लेकर उपायुक्त सख्त दिखे. उन्होंने जिले के पदाधिकारियों से स्मार्ट क्लासरूम के माध्यम से कक्षा 11वीं एवं 12वीं की कक्षा लेने की अपील की, ताकि समय पर सिलेबस को पूरा किया जा सके.

समाज कल्याण पदाधिकारी आफताब आलम ने बताया कि जिले में अवस्थित विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में बिजली की व्यवस्था करायी जा रही है. पानी की व्यवस्था करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. उपायुक्त ने बताया कि सरकार द्वारा चलाये जा रहे जल जीवन मिशन के तहत सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में जल पहुंचाना मुख्य उद्देश्य है.

बैठक में उप विकास आयुक्त शेखर जमुआर, सिविल सर्जन डॉ. जॉन एफ केनेडी, जिला शिक्षा अधीक्षक, यक्ष्मा, सहकारिता, जिला शिक्षा, पशुपालन, गव्य विकास, स्वास्थ्य डीपीएम दीपक कुमार सहित अन्य मौजूद थे.

इसे भी पढ़ें : लाह व्यापारी से दिनदहाड़े लूट का प्रयास, अपराधियों ने की हवाई फायरिंग, एक अपराधी पकड़ा गया

Related Articles

Back to top button