
Palamu : पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर पलामू जिले में भी जन शिकायत समाधान कार्यक्रम का आयोजन मंगलवार को किया गया. जिले के पांचों पुलिस अनुमंडल स्तर पर अलग अलग क्षेत्र में पूर्वाहन 12 बजे से इस कार्यक्रम की शुरूआत हुई. पुलिस अधीक्षक कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाया गया था. सभी शिकायतें पलामू रेंज के आइजी नरेन्द्र सिंह, एसपी रीष्मा रमेशन, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मणिभूषण प्रसाद ने सुनी औऱ निदान करने की कोशिश की. ऑफलाइन और ऑनलाइन शिकायतों की झड़ी लगा दी गयी. कई शिकायतों पर ऑन द स्पॉट निदान किया गया, जबकि कुछ को निर्धारित समय में एक्शन की जानकारी दी जाएगी.
डालटनगंज पुलिस अनुमंडल स्तर पर जन शिकायत समाधान कार्यक्रम का आयोजन मेदिनीनगर के बेलवाटिका के गुरु तेग बहादुर हाल में किया गया. कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पलामू रेंज के पुलिस महानिरीक्षक नरेंद्र कुमार सिंह, एसपी रीष्मा रमेशन, एसडीपीओ सदर मणिभूषण प्रसाद, शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर देवव्रत पोद्दार, एलआरडीसी प्यारेलाल, डीएलएसए के अधिकवक्ता समेत पुलिस और सिविल प्रशासन के कई पदाधिकारी शामिल हुए. सभी ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया. मौके पर दो हेल्प डेस्क बनाए गए थे.
अधिकतर जमीन विवाद के मामले, सदर थाना को ग्रामीण क्षेत्र में शिफ्ट करने की मांग
जन शिकायत समाधान कार्यक्रम में जमीन विवाद के अधिकतर मामले आए. इसी तरह यातायात, बिजली बिल, डायन प्रथा, केस के अनुसंधान में सुस्ती, प्रताड़ना, चोरी, प्राथमिकी दर्ज करने के बाद भी कार्रवाई नहीं करने सहित कई अन्य तरह के मामले सामने आये। शिकायत करके जल्द समाधान करने का आग्रह किया गया.
शाम पांच बजे तक चले शिविर में 355 शिकायत प्राप्त हुई, जिसमें से 71 का निष्पादन किया गया. 11 मामलों में प्राथमिकी दर्ज की गयी. इससे पहले 5 से 9 सितम्बर तक 238 आवेदन आए, जिसमें से 124 का निपटारा किया गया. 114 लंबित है.
पहाड़ी मुहल्ला के जाहिद खान ने यातायात के लिए आग्रह किया है. कन्नीराम चौक से लेकर जयभवानी चौक तक स्कूल बस आने जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. उन्होंने पुलिस जवानों को कन्नीराम चौक पर रहने की बात कही. एसपी ने आश्वास दिया कि सहायक पुलिस के लोग हड़ताल पर थे. वहां पर जवानों को डयूटी दी जायेगी.
पाटन थाना क्षेत्र के लोइंगा पंचायत की तारो देवी ने कहा कि गांव के लोग उसे डायन कहकर वहां से मारपीट कर बाहर भगाना चाहते है. तारा देवी के एक बेटा की 2015 में मौत हो गयी थी. इसके लिए भी गांव के लोग तारा देवी को ही डायन बताकर तंत्र विद्या से अपने बेटे को मार देने का आरोप लगाते हैं. इस मामले में दोनों तरफ से केस किया गया है. डीएसपी मणिभूषण ने आश्वासन दिया कि इस केस का अनुसंधान कर लिया हूं. इसका जवाब एक से दो दिन में दिया जायेगा. इसके बाद कार्रवाई की जायेगी.
इसी तरह चैनपुर थाना क्षेत्र के सलतुवा पंचायत के उत्क्रमित मध्य विद्यालय कटीन की प्रधानाध्यापक रानी गुप्ता ने बताया कि 4.9.2024 को की गई शिकायत में अबतक चैनपुर पुलिस कार्रवाई नहीं की है. स्कूल की रसोइया कुंती देवी के साथ जुड़ा हुआ मामला है. कुंती के साथ एक शराबी युवक एवं उसका छोटा बेटा शर्मा ने दुव्यर्वहार किया था. मोबाइल छीन लिया था. स्कूल की चाभी भी लूटने की कोशिश की थी. काफी देर तक हंगामा हुआ था. चैनपुर थाना प्रभारी ने कहा कि इसका निदान जल्द से जल्द किया जायेगा.
हाल के दिनों में मेदिनीनगर के बीएन कॉलेज एवं कुम्हार टोली में चोरी की घटना हुई है. चोरों को पकड़ लिया गया है, लेकिन चोरी किए गए जेवरात को अभी तक बरामद नहीं किया गया है। इस पर एसपी ने आश्वासन दिया कि एक सोनार जो घटना में शामिल है, उसको पकड़ लिया गया है, लेकिन तीन आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ कर सामान की बरामदगी कर ली जायेगी.
आत्मदाह की चेतावनी देने वाली छतरपुर की मुन्नी देवी और उसके परिवार के सदस्यों को एसपी ने समझाया. दरअसल मुन्नी के पति नरेशन ठाकुर को 24 दिसंबर 2023 को सैलुन से आने के क्रम में गोली मार दी गयी थी. रांची रिम्स में 25 दिसंबर को उनकी मौत हो गयी थी. 28 दिसंबर को नामजद प्राथमिकी दर्ज की गयी थी. बावजूद 8 माह बीत जाने के बाद भी अबतक कोई कार्रवाई नहीं की गयी. हत्या मामले का उदभेदन नहीं हुआ. न्याय नहीं मिलने के कारण मुन्नी देवी अपने परिवार के साथ 20 सितंबर को आत्मदाह की तैयारी की थी. एसपी ने बताया कि छतरपुर के एसडीपीओ छूट्टी पर हैं, 15 सितंबर को उनके आते ही 25 सितंबर तक घटना का अनुसंधान कर आरोपियों की गिरफ्तारी होगी.
इसी तरह नूरी मस्जिद रोड के इसराइल आजाद उर्फ मिंटू के घर पर कुछ दिन पहले सोनू नामक व्यक्ति ने गोली चलायी थी. इस पर मिंटू ने शहर थाना में आवेदन दिया था। अभी तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. एसपी ने बताया कि इस मामले में अनुसंधान किया गया है. इसमें मुख्य बात सामने आयी है कि चैनपुर में जमीन के लिए रंगदारी मांगी गयी थी, नहीं देने पर गोली चली. आरोपी के रिश्तेदार के यहां छापामारी की गयी थी, लेकिन वहां से भी कुछ नहीं मिला.
सदर थाना को चियांकी शिफ्ट किया जाए: प्रेम प्रकाश
सदर प्रखंड बीस सूत्री के सदस्य एवं पूर्व मुखिया प्रेम प्रकाश ठाकुर ने कहा कि सदर थाना को चियांकी शिफ्ट किया जाए. सदर थाना का संचालन निगम क्षेत्र में किया जाता है, जबकि यह थाना ग्रामीण क्षेत्र का है. सदर थाना शहर थाना अंतर्गत आने वाले भूभाग पर पड़ता है, जो कही से भी सही नहीं है. चियांकी शिफ्ट होने से फरियाद करने वाले लोगों को सहुलियत होगी.



