
Palamu : पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के सदर थाना क्षेत्र के चियांकी स्थित हवाई अड्डा से सटे स्प्रींग पत्ता गोदाम से 700 बोरा बीड़ी पत्ता चोरी हो जाने का सनसीखेज मामला प्रकाश में आया है. गोदाम में 3,300 बोरा बीड़ी पत्ता रखे गये थे, लेकिन उसमें से 700 बोरा बीड़ी पत्ता की ही चोरी हुई. सारे पत्तों का टेंडर हो चुका था और कंपनी को भेजा जाना था, उससे पहले चोरी की घटना होने से सनसनी फैल गयी है. हालांकि सदर थाना प्रभारी ममता कुमारी ने चोरी की घटना से इंकार किया है.
इसे भी पढ़ें – आयुष्मान भारत योजना से दूर भाग रहे मरीज, गोल्डन कार्डधारी के इलाज में भी हो रही देरी
घटना दीपावली से लेकर छठ पूजा के बीच
ठेकेदार राघवेंद्र तिवारी द्वारा बीड़ी पत्तों की तोड़ाई के बाद उन्हें बोरे में पैक कर गोदाम में रखा गया था. चोरों द्वारा गोदाम की दीवार और खिड़की तोड़कर घटना को अंजाम दिया गया है. घटना दीपावली से लेकर छठ पूजा के बीच हुई. अन्य बोरों में बंद पत्तों की चोरी ना हो, इसलिए ठेकेदार ने घटना के बाद अहाते और खिड़की की मरम्मत करा दी है. घटना के बाद ठेकेदार असमंजस की स्थिति में है कि इतने बड़े पैमाने पर पत्तों की चोरी हुई कैसे. इसकी जानकारी लेने की कोशिश की जा रही है. बोरे की कीमत 6 हजार रुपये बतायी गयी है. ठेकेदार ने बताया कि उन्होंने रविवार को इसकी लिखित सूचना सदर थाना पुलिस को दी है. पुलिस यह मानने को तैयार नहीं है कि इतने बड़े पैमाने पर बीड़ी पत्ता की चोरी आखिर कैसे हो सकती है.




