
Gomia: गोमिया विधानसभा में मंगलवार को जिस चेक डैम का मुख्यमंत्री रघुवर दास ने उद्घाटन किया है, गोमिया विधायक बबीता देवी ने उस पर सवाल उठाते हुए कहा कि माइनर इरिगेशन नहीं मेजर करप्शन के तहत शिलान्यास किया गया है. गोमिया विधायक ने आरोप लगाया है कि इरिगेशन डिपार्टमेंट के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री की आंखों में धूल झोंककर चेकडैम का उद्घाटन करा दिया है. उन्होंने बताया कि जिस चेकडैम और तालाब निर्माण जांच के लिए अधिकारियों को लिखा है उन्हीं चेकडैम और तालाब का शिलान्यास सीएम रघुवर दास ने ऑनलाइन किया. साथ ही विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि इंजीनियरों ने इसके निर्माण में भारी अनियमितता बरती है.
इसे भी पढ़ें- अपराध की योजना बनाते 8 आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद
सीएम को दिग्भ्रमित कर ऑनलाइन उद्घाटन करा दिया गया
विधायक बबीता देवी ने न्यूज विंग को बताया कि चेकडैम तो पूरा ही नहीं हुआ है, जो पूरा हुआ है वह भी बरसात में टूट गया है. कई जगह जहां मशीन देना था. पाइपलाइन कनेक्ट किया जाना था. वह भी पूरा नहीं हुआ है. साथ ही कई चेकडैम में पानी का जमाव नहीं है, क्षतिग्रस्त हो गया है. मुख्यमंत्री को दिग्भ्रमित करा कर ऑनलाइन उद्घाटन करा दिया गया है. जिसकी जांच होनी चाहिये. इसमें इंजीनियर द्वारा भारी अनियमितता बरती गयी है, बनने से पहले टूट भी गया, उस चेकडैम का भी शिलान्यास करा दिया गया है.
इसे भी पढ़ेंःकोर्ट, पीएमओ, राष्ट्रपति, सीएम, मंत्रालय, नीति आयोग और कमिश्नर किसी की परवाह नहीं है कल्याण विभाग को
मुख्यमंत्री को सौंपा 17 सू़त्री मांग पत्र
गोमिया विधायक बबीता देवी ने मुख्यमंत्री को विधानसभा की समस्याओं से जुड़ी 17 सूत्री मांग पत्र सौंपा है. इसमें उन्होंने बेरमो अनुमंडल को जिला और खैराचातर, महुआटांड़ को प्रखंड बनाने सहित जनसमस्याओं से जुड़ी कई मांगें की हैं.
क्या है 17 सूत्री मांग
- बेरमो अनुमंडल को जिला बनाया जाय
- महुआटांड़ एवं खैराचातर को प्रखंड बनाया जाये
- ललपनिया एवं साड़म में बन रहे विद्युत सब-स्टेशन के बंद पड़े कार्य को अतिशीघ्र प्रारंभ करें.
- पारा शिक्षकों को समान कार्य के बदले समान वेतन व स्थायीकरण की जाये
- गोमिया, कसमार एवं पेटरवार में कुल 51 सरकारी अस्पताल हैं. लेकिन, डॉक्टर की संख्या मात्र 16 है. सभी अस्पतालों में डॉक्टर उपलब्ध कराये जायें.
- पेटरवार प्रखंड के मदर एंड चाइल्ड हेल्थ सेंटर एवं गोमिया प्रखंड के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अतिशीघ्र चालू कराये जायें.
- तेनुघाट डैम से विस्थापित हुए कई परिवारों को अभी तक मुआवजा, पुनर्वास एवं नौकरी नहीं मिल पायी है, इन परिवारों को अतिशीघ्र मुआवजा व नौकरी दी जाये.
- तेनुघाट में जल संसाधन विभाग के क्वार्टर्स में रह रहे लोगों को जमशेदपुर में दी गयी लीज की तर्ज पर क्वार्टर दिये जायें.
- तेनुघाट में जल संसाधन विभाग द्वारा संचालित परियोजना उच्च विद्यालय तेनुघाट को बंद कर दिया गया है, इसे पुनः चालू कराया जाये.
- तेनुघाट डैम के ऊपर सिदो-कान्हू पार्क से जीरो पॉइंट होसिर तक सड़क मरम्मत के कार्य का शिलान्यास जल संसाधन विभाग के मंत्री द्वारा किया गया था, इसका कार्य अविलंब प्रारंभ कराया जाये.
- गोमिया प्रखंड के सरहचिया में आईटीआई कॉलेज 5 वर्षों से बनकर तैयार है, लेकिन इसे सरकार द्वारा अभी तक चालू नहीं कराया गया है, इस कॉलेज को अतिशीघ्र चालू कराया जाये.
- कसमार प्रखंड के मंजूरा में आईटीआई कॉलेज 4 वर्षों से बनकर तैयार है, लेकिन इसे सरकार द्वारा अभी तक चालू नहीं कराया गया है, इस कॉलेज को भी अतिशीघ्र चालू कराया जाये.
- गोमिया प्रखंड में झारखंड सरकार द्वारा स्वीकृत हुए डिग्री कॉलेज का कार्य अतिशीघ्र प्रारंभ किया जाये.
- भारतीय महिला संघ एवं जेएसएलपीएस के बीच में अनुबंध का विस्तारीकरण कम से कम 3 वर्षों की अवधि के लिए बढ़ाया जाये.
- गोमिया विधानसभा क्षेत्र के तीनों प्रखंड गोमिया पेटरवार एवं कसमार में कम वर्षा होने के कारण धान की फसल बर्बाद हो गयी है. उक्त तीनों प्रखंडों को सूखाग्रस्त घोषित किया जाये.
- गोमिया विधानसभा क्षेत्र के तीनों प्रखंडों में किसानों को वर्ष 2017-18 की प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की क्षतिपूर्ति की राशि का भुगतान अभी तक नहीं हो पाया है. किसानों को अतिशीघ्र क्षतिपूर्ति की राशि का भुगतान कराया जाये.
- पेटरवार से विष्णुगढ़ पद पर रेलवे क्रॉसिंग गोमिया में अवस्थित है. इस रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज का निर्माण कराना अति आवश्यक है.




