
Ranchi: नेशनल इंवेस्टीगेशन एजेंसी (एनआइए) ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन टीपीसी के सुप्रीमो ब्रजेश गंझू समेत छह लोगों के खिलाफ विशेष अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी है.
जिन छह लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गयी है, उनमें गोपाल सिंह भोक्ता उर्फ ब्रजेश गंझू, मुकेश गंझू, आक्रमण, कमलेश गंझू, करमपाल गंझू व लक्ष्मण गंझू का नाम शामिल है. इनमें से तीन जेल में बंद हैं, जबकि तीन फरार हैं.
इसे भी पढ़ेंःबीएसएल के एजीएम के साथ मारपीट, बोकारो विधायक पर आरोप, विधायक ने कहा- मैंने बीच बचाव किया
जानकारी के मुताबिक, एनआइए ने एक जुलाई को कांड संख्या-RC-22/2018/NIA/DLI में चार्जशीट दाखिल की है. जिसमें आइपीसी की धारा 120बी, 385, 386, 387, 411 व 414, यूएपी एक्ट की धारा 17, 18, 19, 20 व 23, आर्म्स एक्ट की धारा 25(1ए), 25(1बी)(ए), 26 व 35 और 17 सीएलए एक्ट के तहत आरोपित किया गया है.
एनआइए ने यह मामला 9 जुलाई 2018 को दर्ज किया था. तब एनआइए ने कमलेश गंझू के घर पर छापेमारी की थी. छापेमारी के दौरान कमलेश गंझू के घर से 36.14 लाख रुपया नकद, .09 एमएम बोर की एक पिस्तौल, एक एके-47 राइफल, दो मैग्जीन, 152 गोली बरामद की थी. इस मामले में एनआइए ने इससे पहले भी एक चार्जशीट दाखिल की थी.
इसे भी पढ़ेंःप्रदीप यादव को हाइकोर्ट से भी राहत नहीं, जमानत याचिका खारिज
दाखिल चार्जशीट में कहा गया है कि टीपीसी को झारखंड सरकार ने प्रतिबंधित संगठनों की सूची में रखा है.
टीपीसी का सुप्रीमो ब्रजेश गंझू और रिजनल कमांडर मुकेश गंझू , कोहराम व आक्रमण है. कमलेश गंझू संगठन के लिये काम करता था. यह संगठन विकास योजनाओं के ठेकेदारों से लेवी की वसूली किया करता था. लेवी के पैसे से उग्रवादी संगठन चलाता था औऱ आतंकी गतिविधियां संचालित करता था.
जिनके खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गयी, उनमें जो जेल में बंद हैं
01- कमलेश गंझू
02- करमपाल गंझू उर्फ अनुज गंझू उर्फ अनिस जी उर्फ दानवीर गंझू
03- अमर सिंह भोक्ता उर्फ लक्ष्मण गंझू उर्फ लल्लन जी उर्फ कोहराम जी उर्फ इब्राहिम जी उर्फ अमर गंझू
जिन फरार उग्रवादियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गयी है
01- गोपाल सिंह भोक्ता उर्फ ब्रजेश गंझू उर्फ सरदार जी.
02- मुकेश गंझू उर्फ मुनेश्वर गंझू.
03- आक्रमण जी उर्फ नेता जी उर्फ रविंद्र गंझू उर्फ राम विनायक सिंह भोक्ता उर्फ विनायत सिंह भोक्ता.
इसे भी पढ़ेंःना POTA खराब था, ना NIA खराब है, खराब तो इसके इस्तेमाल करने वाले होते हैं




