JharkhandJharkhand PoliticsJharkhand StoryKhas-KhabarLead NewsRanchiTOP SLIDERTop StoryTRENDING

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से ईडी ने लगभग 9 घंटे तक की पूछताछ, पत्नी कल्पना संग निकले बाहर

कई सवालों को सीएम ने टाला, प्रेम प्रकाश को जानने से भी किया इनकार

Ranchi: एक हज़ार करोड़ से अधिक के अवैध खनन घोटाले मामले में ईडी ने सीएम हेमंत सोरेन से 9 घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की है. पूछताछ करने के बाद रात साढ़े नौ बजे के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी कल्पना सोरेन के संग ईडी कार्यालय से बाहर निकले और सीएम आवास के लिए अपने काफिले के साथ रवाना हो गए. मिली जानकारी के अनुसार सीएम की पत्नी कल्पना सोरेन लगभग नौ बजे उन्हें लेने के लिए ईडी कार्यालय पहुंची थी.  जबकि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज दोपहर 12 बजे अपने भाई और विधायक बसंत सोरेन के साथ ईडी कार्यालय पहुंचे थे, जिसके बाद से इडी की टीम ने लगातार पूछताछ कर रही थी.  बताया जा रहा है कि पूछताछ के दौरान ईडी के अधिकांश सवालों को मुख्यमंत्री टालते रहे. कुछ सवालों के जवाब में उन्होंने कहा कि बाद में जानकारी दे पायेंगे. वहीं चर्चित कारोबारी प्रेम प्रकाश के साथ अपने संबोधों को लेकर पूछ गए सवालों के जवाब में सीएम ने उन्हें जानने से इंकार कर दिया.

कई सवालों के जवाब में फंसे सीएम

 

ईडी से पूछताछ के दौरान पंकज मिश्रा के घर से बरामद ब्लैंक चेक के बारे में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कोई संतोषजनक जवाब ईडी को नहीं दे पाए तो वहीं निलंबित आईएएस पूजा सिंघल से संबंधित भी कई सवाल ईडी की ओर से सीएम से पूछे गए.  हेमंत सोरेन से यह भी पूछा गया कि आप पूजा सिंघल और प्रेम प्रकाश को कब से जानते हैं, तो इस सवाल पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रेम प्रकाश को पहचानने से इंकार कर दिया है.  बताते चलें कि प्रेम प्रकाश के घर से दो एके-47 राइफलों को ईडी की टीम ने छापेमारी के दौरान बरामद किया था. वहीं अब मुख्यमंत्री से पूछताछ करने के बाद ईडी की टीम जल्द ही विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा से भी पूछताछ करने वाली है.

इसे भी पढ़े: हेमंत सरकार पर रघुवर का तंज, कहा- एक तो चोरी ऊपर से सीनाजोरी वाली कहावत को कर रही चरितार्थ

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आज होने वाली पूछताछ के लिए ईडी कार्यालय के बाहर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी. ईडी ऑफिस के बाहर 200 की संख्या में सुरक्षा बलों के जवानों और अधिकारियों की तैनाती की गई थी. वहीं एतियातन रांची जिला प्रशासन ने ईडी ऑफिस समेत कई संवेदनशील जगहों पर धारा 144 लगा दिया था ताकि जेएमएम या अन्य दलों के कार्यकर्ता शक्ति प्रदर्शन न कर सके. आपको बता दें कि हेमंत सोरेन ने ईडी से 3 हफ्ते का समय मांगा था, लेकिन ईडी ने 3 हफ्ते का समय देने से इंकार कर दिया था. ईडी ने दोबारा समन जारी कर 17 नवंबर को पूछताछ के लिए बुलाया था.

ईडी अब तक कई लोगों को किया है गिरफ्तार

झारखंड के अलग-अलग जिलों में ईडी की टीम पिछले 6 मई से जांच कर रही है. इस जांच के दौरान ईडी ने सबसे पहले पूजा सिंघल के सीए सुमन कुमार को गिरफ्तार किया, जिसके बाद आईएएस पूजा सिंघल को गिरफ्तार किया था. सीए सुमन कुमार के घर से करीब 20 करोड़ कैश ईडी की टीम ने बरामद किया था. इस जांच के दौरान ईडी की टीम को कई अहम जानकारियां मिली, जिसके बाद ईडी ने अवैध खनन मामले में पंकज मिश्रा और उसके सहयोगी बच्चू यादव को गिरफ्तार किया. ईडी की इस जांच में पंकज मिश्रा के घर से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से संबंधित चेक बुक भी बरामद हुई थी. जिसके बाद अटकलें लगाई जा रही थी कि ईडी जल्द ही समन जारी कर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से पूछताछ कर सकती है.

Related Articles

Back to top button