
Nawada: जिले के नगर थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर मोहल्ले के एक युवक की मौत गुरुवार को हो गई. उसके शरीर पर जख्म के निशान मिले हैं. आशंका है कि शरीर पर चाकू से हमला किया गया है. मृतक की पहचान रिटायर्ड हेडमास्टर सतीश सिन्हा के पुत्र बबलू सिन्हा के रूप में की गई है.
इसे भी पढ़ें: जमुई में पूर्व मुख्यमंत्री के पैतृक आवास में चोरी, 5 लाख की संपत्ति ले उड़े चोर
युवक खून से लथपथ घर में बेड पर पड़ा हुआ था. घर का दरवाजा खुला होने के चलते वहां से गुजर रहे मोहल्ले के किसी व्यक्ति की नजर उसपर पड़ी. तत्काल युवक को सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया. युवक को मृत घोषित करने के बाद उसे अस्पताल पहुंचाने वाले लोग वहां से खिसक गए. इधर, मामले की जानकारी मिलते ही नगर थाना की पुलिस छानबीन में जुट गई.
तफ्तीश के क्रम में पुलिस मृतक के घर पहुंची तो मृतक की मां और एकमात्र भाई गायब थे. स्थानीय लोगों से पूछताछ में पता चला कि मृतक अपनी मां और भाई के साथ रहता था. तीनों मानसिक रूप से विक्षिप्त हैं. बड़ा भाई रिंकू अक्सर चाकू लेकर घूमा करता था. आशंका है कि उसने ही चाकू से हमला किया होगा. बहरहाल पुलिस गायब मां-बेटे के बारे में पता लगाने में जुट गई है.




