
Jamshedpur : जमशेदपुर के कीताडीह उत्तरी पंचायत क्षेत्र का परिणाम आने के बाद निवर्तमान मुखिया रीना जरिका और उसके पति नरेश जरिका पर पंचायत भवन से सामान ले जाने का आरोप लगा था. चुनाव जीतने वाले मनोज मुर्मू ने सामान ले जाते पकड़ा था. हालांकि, इस घटना को लेकर रीना जरिका और उनके पति नरेश जरिका का बयान सामने आया है. रीना जरिका ने बताया कि वो अपने पति के साथ पंचायत भवन में रखे अपने निजी सामानों को लेकर जा रही थी. पंचायत भवन में उन्होंने एक पुस्तकालय बना रखा था जिसमें कई किताबें मौजूद थी. इसके अलावा खाना बनाने वाला गैस चुल्हा और बरतन के साथ-साथ जनता के कार्य के लिए रखा गया फार्म पंचायत भवन में मौजूद था.
चुनाव में हार मिलने के बाद वो इन सामानों को लेकर पंचायत भवन से जा रही थी तभी रास्ते में उन्हें रोक लिया गया. उन्होंने बताया कि वाहन को रोकने के बाद सबसे पहले उन्हें वापस पंचायत भवन चलने को कहा गया पर बाद में थाना चलने को कहा. उन्होने वाहन को थाने में खड़ा कर दिया है. रीना जरिका ने बताया कि पंचायत भवन में मौजूद फर्नीचर और सरकारी सामान अब भी वहीं है. उन्होंने सरकारी सामान को हाथ तक नहीं लगाया है. उन्हे फंसाने की कोशिश की जा रही है. बता दें कि रीना जरिका कीताडीह उत्तरी पंचायत के मुखिया का चुनाव हार चुकी है. इनपर आरोप लगाया गया था कि इन्होने पति के साथ मिलकर पंचायत भवन का सामान चुराने की कोशिश की है.




