
Ranchi : आगामी लोकसभा चुनाव की तारीखों के एलान से पहले बीजेपी ने 195 लोकसभा उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है, जिनमें झारखंड की 11 सीटें भी शामिल हैं. इधर इंडी गठबंधन में बैठकों का दौर जारी है. राज्य में इंडी गठबंधन का कौन-कौन उम्मीदवार होगा और किसके खाते में कितनी सीटें आयेंगी, यह अभी तक तय नहीं हुआ है. गठबंधन के नेताओं से पूछने पर वह सिर्फ यही बोल रहे हैं कि जल्द ही इसकी घोषणा कर दी जायेगी. बीजेपी के उम्मीदवारों की घोषणा होने के बाद कांग्रेस में भी हलचल बढ़ी है. राज्य के प्रदेश अध्यक्ष सहित चारों मंत्रियों को दिल्ली से बुलावा आने के बाद सभी दिल्ली पहुंच गये हैं.
विधायकों की नाराजगी पर भी मंत्रियों से आलाकमान करेगा बात
चंपाई सरकार के कैबिनेट के गठन को लेकर कांग्रेस कोटे के 12 विधायक नाराज दिखे थे. आठ विधायकों ने दिल्ली भी पहुंच कर आलाकमान से अपनी नाराजगी जतायी थी. जिसके बाद उन्हें किसी तरह से समझा-बुझा कर वापस भेज दिया था. दिल्ली पहुंचनेवाले विधायकों में अनूप सिंह, उमाशंकर अकेला, सोना राम सिंकू, रामचंद्र सिंह, राजेश कच्छप, इरफान अंसारी, अंबा प्रसाद और दीपिका सिंह पांडेय शामिल थीं. आलाकमान इन विधायकों की शिकायत पर भी चारों मंत्रियों से यह जानने की कोशिश करेगा कि आखिर क्यों विधायक पार्टी के मंत्रियों की कार्यशैली से खुश नहीं हैं.
कार्यकारी अध्यक्षों ने दिल्ली में की है प्रदेश अध्यक्ष की शिकायत
बीते दिनों कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की और शहजादा अनवर ने दिल्ली में आलाकमान से मुलाकात कर प्रदेश अध्यक्ष की शिकायत की थी. कार्यकारी अध्यक्षों ने प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर की कार्यशैली पर सवाल खड़ा किया था. और आरोप लगाया है कि प्रदेश अध्यक्ष अपने मनमाने तरीके से राज्य में संगठन चला रहे हैं.
इसे भी पढ़ें- गिरिडीह पहुंचे मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन, 50 हजार लीटर दूध उत्पादन के प्लांट की रखी आधारशिला



