
Giridih: जलझुलनी एकादशी के मौके पर शहर के कुटिया गली रोड स्थित गिरिडीह श्याम भक्त मंडल से सोमवार को भगवान श्याम का भव्य जलझुलनी एकादशी निशान यात्रा निकाला गया. श्याम भक्त मंडल से निकले भव्य निशान यात्रा में इस दौरान काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया. करीब 101 निशान लिए श्याम भक्तों की भीड़ बाबा श्याम का जयकारा लगाते हुए निकली. क्या महिलाएं, क्या पुरुष और युवा-युवतियां, हर कोई बाबा श्याम के भक्ति में डूबा दिखा. महिलाओं समेत अन्य श्रद्धालु जहां श्याम प्रभु का निशान थामे चले रहे थे तो वहीं एक ट्रक में बाबा श्याम के साथ भगवान शिव और भगवान संकट मोचन हनुमान का भव्य दरबार सजा था. जबकि श्याम बाबा के अष्टधातु की मूर्ति से सजे बाबा की पालकी लिए श्रद्धालुओं की भीड़ साथ चल रही थी. पालकी लिए श्रद्धालुओं की भीड़ इस दौरान निशान लिए शहर भ्रमण करते दिखे.

इस मौके पर भजनों की रसवर्षा भी स्थानीय गायकों द्वारा श्याम भक्तों पर खूब किया जा रहा था. भजनों की रसवर्षा से श्याम भक्त भींग रहे थे, तो पूरे उत्साह के साथ जयकारा लगाते हुए चल रहे थे। हर कोई श्याम बाबा के भक्ति में डूबा हुआ था। निशान यात्रा में ही चल रही पालकी के नीचे से जगह-जगह भक्तों की टोली गुजर कर उनका आशीर्वाद लेते दिखे। इस दौरान निशान यात्रा में शहर में कई स्थानों पर मकानों से पुष्प वर्षा भी किया जा रहा था। कुटिया गली से निकलते हुए श्याम बाबा का जलझुलनी एकादशी निशान यात्रा इस दौरान शहर भ्रमण करते हुए वापस कुटिया गली रोड स्थित श्याम भक्त मंडल परिसर पहुंच कर समाप्त हुआ। जहां भक्तों ने श्याम बाबा के दरबार में निशान अर्पित किए.

देर शाम श्याम बाबा समेत भगवान शिव और संकट मोचन हनुमान का भव्य दरबार सजाया गया। इस दौरान बाहर से आएं गायक कलाकारों की टीम ने भी भक्तों को झूमाने वाले कई भजन पेश किया. मौके पर श्याम दरबार में अखंड ज्योत के समक्ष श्रद्धालुओं की भीड़ पूजा-अर्चना कर परिवार के सुख-समृद्धि और निरोगीकाया का आशीर्वाद लेते दिखे. इधर निशान यात्रा में मुकेश जालान, बांके बिहारी शर्मा, संजय भूदोलिया, मनोज खंडेलवाल समेत आयोजन समिति के कई सदस्य शामिल हुए.




