
- भाजपा ने कहा- दोनों सरकारों के बीच समन्वय की है कमी
Dhanbad : झारखंड सरकार भले ही प. बंगाल में फंसे लोगों को लाने का प्रयास कर रही है, लेकिन प. बंगाल सीमा पर झारखंड से किसी भी गाड़ी के जाने से रोक लगा दी गयी है. धनबाद के मैथन बॉर्डर पर बंगाल जा रही बसों को रोक दिया गया है. ये बसें प. बंगाल में फंसे मजदूरों को लाने जा रही थीं. बसों को बॉर्डर पर रोके जाने के बाद राजनीति गर्म हो गयी है.
देखें वीडियो
बंगाल सरकार द्वारा बसों को रोके जाने के बाद धनबाद में राजनीति शुरू हो गयी है. भाजपा का आरोप है कि बंगाल और झारखंड सरकार के बीच समन्वय नहीं होने के कारण बसों को प्रवेश नहीं होने दिया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें – #Jharkhand में Lockdown3.0 में भी नहीं मिलेगी किसी तरह की कोई छूट
बंगाल सरकार से बातचीत कर समाधान निकाले झारखंड सरकार : चंद्रशेखर अग्रवाल
बीजेपी के वरिष्ठ नेता चंद्रशेखर अग्रवाल ने कहा कि झारखंड सरकार व बंगाल सरकार के बीच समन्वय की कमी है, जिसका खामियाजा जनता भुगत रही है. बंगाल के सभी बॉर्डर पर गाड़ियों को नहीं जाने दिया जा रहा है. तत्काल झारखंड सरकार को बंगाल सरकार से बातचीत कर इस मसले का समाधान करना चाहिए और फंसे हुए लोगों को बाहर निकालना चाहिए.
साथ ही चंद्रशेखर अग्रवाल ने यह भी कहा कि मैं पीयूष गोयल का आभारी हूं कि उन्होंने मजदूर और छात्रों के लिए स्पेशल ट्रेन चला कर दूसरे राज्य में फंसे हुए लोगों को वापस लाने का निर्णय लिया है.
इसे भी पढ़ें – #Palamu : भिलाई से 650 किलोमीटर साइकिल चला कर पलामू के हैदरनगर पहुंचे 6 मजदूर
रेलमंत्री ट्रेन चला कर मजदूरों को लायें वापस
चंद्रशेखर अग्रवाल ने कहा कि अगर बंगाल सरकार को बसों को भेजने में परेशानी हो रही है तो रेलमंत्री पीयूष गोयल को चाहिए कि बंगाल से भी स्पेशल ट्रेन चला कर वहां फंसे झारखंड के मजदूरों को वापस लायें.
वहीं इस मामले में धनबाद के एसडीओ राज महेश्वरम ने कहा कि धनबाद के मैथन बॉर्डर पर कई बसों को रोक दिया गया है. ये बसें बंगाल में फंसे लोगों को लाने जा रही थीं. लेकिन बंगाल सीमा पर ही सभी बसों के प्रवेश पर रोक लगा दी गयी है. जिला प्रशासन ने बंगाल के कई अधिकारियों से बातचीत भी की. बावजूद इसके बसों को बंगाल में प्रवेश होने नहीं दिया जा रहा है. इस मामले में झारखंड सरकार बंगाल सरकार से बातचीत कर कोई हल निकालने की कोशिश में लगी है.
इसे भी पढ़ें – #FightAgainstCorona: 10 हजार लोग हुए स्वस्थ, केस डबल होने में लग रहे अब 12 दिन



