
Palamu: पलामू प्रमंडल के लातेहार जिले में जेजेएमपी के एरिया कमांडर सतेंद्र उरांव ने गुरूवार को आत्मसमर्पण कर दिया. झारखंड सरकार के नई दिशा कार्यक्रम के तहत जेजेएमपी के एरिया कमांडर सतेंद्र उरांव उर्फ अभिमन्यु उर्फ मामा ने गुरुवार को पुलिस कार्यालय के सभागार में पुलिस अधीक्षक के समक्ष सरेंडर किया. पुलिस अधीक्षक ने एरिया कमांडर को शाल भेंट कर व गुलदस्ता देकर स्वागत किया. सतेंद्र उरांव पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र के इरगू गांव का निवासी है.
सरेंडर करने के बाद एरिया कमांडर सतेंद्र ने कहा कि 2019 में जेजेएमपी के उग्रवादी विकास जी दस्ता में शामिल हुआ था. उग्रवादी सतेन्द्र ने मुख्यधारा से भटके हुए लोगों से सरकार की योजना का लाभ उठाते हुए सरेंडर करने की अपील की. सतेंद्र पर लातेहार जिले में दो कांडों में मामला दर्ज है.
पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन ने कहा कि 2021 में लातेहार थाना क्षेत्र के नावाडीह जंगल में जेजेजमपी व पुलिस के मुठभेड़ में मुठभेड़ हुई थी, जिसमें जगुआर के डिप्टी कमांडेट राजेश कुमार शहीद हो गए थे. इस मुठभेड़ में जेजेजमपी के एरिया कमाण्डर सतेंद्र उरांव भी शामिल था. बताया कि झारखंड में धीरे धीरे नक्सली क्षेत्र में कमजोर होते जा रहे हैं. झारखंड सरकार के नई दिशा कार्यक्रम के तहत उग्रवादी सलेंडर कर रहे हैं. एसपी ने कहा कि सीआरपीएफ 11वीं बटालियन का योगदान सराहनीय रहा है. उन्होंने कहा कि आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति के तहत नक्सलियों और उग्रवादियों को सरेंडर कराने के लिए झारखंड पुलिस निरंतर प्रयास कर रही है. उन्होंने कहा कि मुख्यधारा से भटके हुए नक्सलियों को मुख्यधारा में लाने के लिए पुलिस व सरकार कटिबद्ध है.
मौके पर सीआरपीएफ कमांडेंट वेद प्रकाश त्रिपाठी, द्वितीय कमान अधिकारी विनोद कुमार कनौजिया, पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी चंद्रशेखर चौधरी समेत मौजूद थे.




