
Jamshedpur : साकची थाना क्षेत्र के काशीडीह हाई स्कूल में सोमवार को कुछ छात्रों ने इंटर कॉमर्स के छात्र चंदन पर चापड़ से जानलेवा हमला कर दिया. चंदन इंटर का छात्र है. वह परीक्षा देकर जैसे ही निकला कक्षा नौ के छात्र प्रणय के अलावा छात्र सचिन, अविनाश आनंद सिंह, गौरव सिंह, अनुराग आनंद सिंह, आशुतोष और दो बाहरी युवकों ने उसे घेर लिया और प्रणय ने चापड़ से चंदन के सर पर वार कर दिया. इससे चंदन गंभीर रूप से जख्मी हो गया. उसका सर फट गया. लहूलुहान हालत में छात्रों ने उसे साकची के एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया है.
घटना की सूचना साकची थाना पुलिस को दे दी गई है. चंदन ने बताया कि वह रविवार की शाम ट्यूशन पढ़ने से सिदगोड़ा गया था. वह ट्यूशन पढ़कर जैसे ही निकला तो देखा कि प्रणय अपने तीन चार साथियों के साथ खड़ा है. प्रणय ने वहां उससे एक छात्र का नंबर मांगा. नंबर नहीं देने पर प्रणय ने चंदन के साथ मारपीट की. चंदन ने बताया कि सोमवार की सुबह जब उसने मारपीट की शिकायत स्कूल के प्रिंसिपल से की तो इससे नाराज प्रणय ने उस पर चापड़ से हमला कर दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है. चंदन को इलाज के लिए साकची के एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया. यहां चंदन का प्राथमिक उपचार किया गया.
ये भी पढ़ें- जमशेदपुर: पटमदा के जाल्ला में बाइक दुर्घटनाग्रस्त होने पर युवक की मौत




