
Ghatshila : पूर्वी सिंहभूम जिले का गालूडीह क्षेत्र नक्सल गतिविधियों के लिहाज से अतिसंवेदनशील माना जाता है. दरअसल, हर बार चुनाव में नक्सली स्थानीय ग्रामीणों को बहिष्कार करने को लेकर दबाव बनाते हैं. इस कारण आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर जिला पुलिस की ओर से गुरुवार को गालूडीह क्षेत्र में ईनामी नक्सलियों का पोस्टर चस्पा किया गया है. साथ ही ग्रामीणों से अपील की गयी कि वे सभी बेफ्रिक होकर अपने-अपने मतदान केंद्रों में जाकर मतदान करें. पुलिस ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए मुस्तैद है.
किसी के भी बहकावे में नहीं आएं ग्रामीण
जिला पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों से आश्वस्त किया है कि उन्हें किसी भी प्रकार से डरने की जरूरत नहीं है. ग्रामीण किसी के भी बहकावे में नहीं आएं. नक्सलियों के किसी भी तरह की मूवमेंट की सूचना मिलने पर पुलिस को जानकारी दें. जानकारी देनेवाला का नाम पुलिस की ओर से गुप्त रखा जायेगा.
मुख्य बाजार सहित सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में पोस्टरबाजी
त्रिस्तरीय चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन की ओर से गालूडीह मुख्य बाजार के अलावा सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में भी वांछित नक्सलियों का पोस्टर लगाया गया है. वहीं मतदाता व पुलिंग एजेंट के सुरक्षा के दृष्टिकोण से गालूडीह थाना पुलिस की ओर से अतिसंवेदनशील ग्रामीण क्षेत्रों में वांछित हार्डकोर नक्सलियों के फोटो युक्त पोस्टर लगाकर ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है. साथ ही जिला पुलिस द्वारा अतिसंवेदनशील बूथों को चिन्हित कर बाघुरिया, मिर्गीटांड, दुमकाकोचा एवं सीमा क्षेत्र के गांव झांटीझरना पंचायत के सुदूर गांवों में क्षेत्र विचरण करनेवाले नक्सलियों का पोस्टर चिपकाया गया है.
एक करोड़ के इनामी समेत 15 वांछित का चिपकाया पोस्टर
एक करोड़ का इनामी नक्सली असीम मंडल उर्फ तिमिर उर्फ आकाश, 15 लाख का इनामी राम प्रसाद मार्डी उर्फ सचिन,15 लाख का मदन मोहन उर्फ शंकर,15 लाख की महिला नक्सली बेला सरकार उर्फ दीपा सरकार उर्फ संध्या विश्वास समेत 15 वांछित नक्सली का फोटो युक्त पोस्टर लगाया गया है.
ये भी पढ़ें- Tata Motors के कर्मचारियों को 23 से लेकर 28 हजार तक मिला LTA, अब मई माह के वेतन पर नजर




