
Ranchi: झारखण्ड ओलम्पिक एसोसिएशन ने राज्य में खेलों के विकास के लिए कुछ अहम निर्णय लिए हैं. पिछले दिनों जेओए की आयोजित बैठक में इस बात का निर्णय लिया गया था कि देहरादून में आयोजित होनेवाले 38वें नेशनल गेम्स में जो भी खेल शामिल होंगे, उन्हें झारखण्ड ओलम्पिक एसोसिएशन मान्यता प्राप्त खेलों की कैटेगरी के तहत मान्यता देगा. इसकी जानकारी देते हुए जेओए के महासचिव डॉ मधुकांत पाठक ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में गैर मान्यता प्राप्त खेलों को भी नेशनल गेम्स में जगह दी जा रही है और इसके तहत उनकी प्रतिस्पर्धा आयोजित हो रही है. अतः झारखण्ड ओलम्पिक एसोसिएशन उन सभी गैर मान्यता प्राप्त खेलों के विकास के लिए उन्हें मान्यता देगा जो आगामी 38वें नेशनल गेम्स में शामिल किये जायेंगे. यह मान्यता रिकॉगनाइज कैटेगरी के तहत बगैर वोटिंग के अधिकार के होगी. उन्होंने बताया कि इसके लिए उन्हें ऑनलाइन आवेदन करना होगा और अपने सभी संबंधित कागजात जमा करने होंगे. झारखण्ड में एक से अधिक संघ होने की स्थिति में उन्हें आपस में समझौता करना होगा. गोवा नेशनल गेम्स में आयोजित किये गए विभिन्न खेलों के लिए भी आवेदन किया जा सकता है.




