
Ranchi: झारखंड सरकार आदिवासी जमीन (सीएनटी और एसपीटी) पर कर्ज नहीं मिलने पर राष्ट्रीयकृत बैंकों के साथ बैठक कर जल्द एक रूपरेखा तय करेगी. राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के 2008 में पारित आदेश की वजह से अनुसूचित जाति औऱ जनजाति में शामिल की गयी. अतिरिक्त जातियों की सूची की वजह से सीएनटी-एसपीटी एक्ट के तहत कई जमीनें आ गयी हैं. तत्कालीन राजस्व एवं भू-सुधार मंत्री मथुरा महतो के कार्यकाल में पनेरी, लोहार, महतो, सूड़ी समेत 50 से अधिक जातियों को अनुसूचित जाति, जनजाति की श्रेणी में लाया गया था.
इसे भी पढ़ें: 2016 में टी शर्ट व टॉफी वितरण मामले में हाईकोर्ट ने राज्य सरकार से अब तक हुई कार्रवाई को लेकर 3 माह में मांगी स्टेटस रिपोर्ट
इसकी वजह से इन सभी समुदाय के लोगों की जमीन सीएनटी में शामिल हो गयी थी. नतीजतन इन लोगों से जमीन लेनेवाले दूसरी जातियों के लोगों की जमीन भी सीएनटी की सूची में शामिल हो गयी. अब ऐसे लोगों के बच्चों को शिक्षा लोन, होम लोन तथा बंधक (मार्टगेज) लोन राष्ट्रीयकृत बैंक नहीं दे रहे हैं. इन समुदाय के लोगों को भी कर्ज नहीं दिया जा रहा है. इस सिलसिले में सभी को बैंकों से कैसे कर्ज मिले, इसको लेकर सरकार लगातार राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति के मुख्य प्रबंधक से लगातार बैठकें कर रही हैं. राजस्व एवं भू-सुधार विभाग की तरफ से यह प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है कि शिक्षा और मार्टगेज लोन बैंकों से मिले. इसके लिए सरकार ही कर्ज को लेकर गारंटर बन सकती है.
बैंकों की तरफ से कर्ज के प्रस्ताव को यह कह कर रीजेक्ट कर दिया जा रहा है कि सीएनटी की धारा 46 के तहत कार्रवाई पूरी नहीं की जा सकती है क्योंकि ऐसे कर्ज में दी गयी राशि की वापसी की गारंटी नहीं है. सरकार के कई बार के पत्राचार पर भी राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति आदिवासी, अनुसूचित जाति, जनजाति समुदाय के लोग और आदिवासियों की जमीन लेनेवालों की कोई मदद नहीं कर रहे हैं. सरकार ने इसको लेकर बीच का रास्ता निकालने का निर्णय लिया है, क्योंकि राज्य में अनुसूचित जाति की श्रेणी में आये समुदायों की आबादी 50 फीसदी से भी अधिक हो गयी है. ऐसे लोगों में से कई आर्थिक परेशानियों की वजह से कर्ज नहीं ले पा रहे हैं.
क्या है राष्ट्रीयकृत बैंकों की शर्तें
राष्ट्रीयकृत बैंक का कहना है कि कर्ज लेनेवाले लोगों को सहुलियत से आठ लाख तक का कर्ज दिया जा सकता है. देश भर में ऐसे 150 से अधिक एजुकेशनल संस्थान नामित हैं, जिनके लिए कर्ज बैंक दे सकते हैं. इसमें आइआइटी, आइआइएम, एम्स, बीएचयू, कई डीम्ड यूनिवर्सिटी शामिल हैं, मेडिकल की पढ़ाई के लिए अधिकतम 10 लाख रुपये दिये जाने की बातें कही जाती है. इससे अधिक की राशि के लिए बैंक की तरफ से 150 फीसदी कोलैटरल सिक्यूरिटी मांगी जाती है यानी आपको 30 लाख का कर्ज चाहिए, तो 45 लाख रुपये का कोलैटरल सिक्यूरिटी देना अनिवार्य है. कुछ चुनिंदा भारतीय प्रबंधन संस्थान में दाखिले के लिए ही बैंक 20 से 25 लाख तक का कर्ज देते हैं. इन शर्तों की वजह से आदिवासी, तथा आदिवासियों की श्रेणियों में आये लोग अपनी जमीन और मकान रहते हुए बैंकों को कोलैटरल सिक्यूरिटी नहीं दे पा रहे हैं.




