
Ranchi : झारखंड में बी.एड की पढ़ाई सात महीने लेट है. राज्य के 136 कॉलेजों में अब भी एडमिशन चल रहा है. इसके बाद भी कॉलेजों को स्टूडेंट्स नहीं मिल पा रहे हैं. तीन राउंड की काउंसलिंग होने के बाद भी 135 बी.एड कॉलेज में 3741 सीट खाली रह गयी है. इन रिक्त सीटों को भरने के लिए अब चौथे राउंड की काउंसलिंग का नोटिफिकेशन जारी किया गया है. चौथे राउंड की काउंसलिंग के लिए आठ मार्च तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और चॉइस फीलिंग किया जा सकेगा. इसके बाद झारखंड कंबाइंड एग्जामिनेशन बोर्ड 11 मार्च को प्रोविजनल सीट अलॉटमेंट लिस्ट जारी करेगा. इस लिस्ट में जिनका नाम आ गया होगा. वे 16 मार्च तक चयनित संस्थान में जाकर एडमिशन ले सकेंगे.
इसे भी पढ़ें: झारखंड: ग्लाईडिंग ट्रेनिंग में उत्कृष्ट कार्य के लिए नागर विमानन विभाग को किया गया पुरस्कृत
कौन हो सकते हैं शामिल
चौथे राउंड की काउंसलिंग में वे सभी स्टूडेंट्स शामिल हो सकते हैं जिन्होंने पहले, दूसरे, तीसरे राउंड की काउंसलिंग में हिस्सा नहीं लिया है. इसके अतिरिक्त वैसे स्टूडेंट्स भी शामिल हो सकते हैं जिन्हें संस्थान मिल गया है पर वे संस्थान में बदलाव करना चाहते हैं, वो भी हिस्सा ले सकते हैं. लेकिन ऐसे स्टूडेंट्स को चौथे राउंड की काउंसलिंग में जो संस्थान अलॉट किया जायेगा उसमें उन्हें एडमिशन ले लेना होगा. क्यूंकि चौथे राउंड की काउंसलिंग में शामिल होते ही तीसरे राउंड की काउंसलिंग से लिया एडमिशन रद्द हो जायेगा. इस चौथे राउंड की काउंसलिंग में शामिल होने के लिए जनरल, इडब्ल्यूएस और बीसी कैटेगरी के उम्मीदवार को 400 रुपये, एससी, एसटी और सभी श्रेणी की महिला उम्मीदवार को 250 रुपये देने होंगे.
एसटी कैटेगरी में सबसे ज्यादा सीटें रिक्त
रिक्त सीटों की बात करें तो एसटी श्रेणी की सीटें सबसे ज्यादा खाली हैं. इस श्रेणी में 1343 सीट खाली है. इसके बाद जनरल श्रेणी में 1289, एसटीपी श्रेणी में 02, एससी में 669, बीसी वन में 214, बीसी टू में 160, इडब्ल्यूएस में 61 सीटें रिक्त हैं.




