
Jamshedpur : प्रकृति व संस्कृति के संरक्षण को समर्पित संस्था गंगा महासभा के बिहार-झारखंड उपाध्यक्ष धर्मचंद्र पोद्दार गुरुवार को पूर्वी सिंहभूम जिला मुख्यालय पहुंचे. यहां उन्होंने जिले की उपायुक्त विजया जाधव को जमशेदपुर की जीवनदायिनी स्वर्णरेखा नदी को संरक्षित करने को लेकर उचित कदम उठाने की मांग संबंधी ज्ञापन सौंपा.
स्वर्णरेखा को बचाने को कोई गंभीर प्रयास नहीं
सौंपे गये ज्ञापन के माध्यम से श्री पोद्दार ने बताया कि स्वर्णरेखा नदी के संरक्षण को लेकर अबतक जो भी कदम उठाये गये है. वह महज एक ढकोसला है. उन्होंने बताया कि स्वर्णरेखा नदी को बचाने के लिए कोई भी गंभीर प्रयास नहीं हो रहा है. यदा-कदा जहां नाला गिर रहा है और जल की गुणवत्ता की जांच हो रही है. जिस स्थान पर नाले गिर रहे हैं, वहां एसटीपी प्लांट लगवाने की बात नहीं होती है. इतना ही नहीं, बहुत से घरेलू उद्योगों का रसायन मिश्रित कचरा भी इस नदी में आता है. हमारी मांग है कि टाटा कंपनी को अविलंब निर्देश दिया जाये कि जहां-तहां उनके नाले स्वर्णरेखा नदी में गिरते हैं, वहां एसटीपी और इटीपी प्लांट लगवाये. उन्होंने बताया कि सौंपे गये ज्ञापन में उपायुक्त के स्तर से की जाने वाली कार्रवाई से उन्हें भी अवगत कराने का जिक्र किया गया है.
ये भी पढ़ें- Jamshedpur Crime : जोजोबेड़ा स्क्रैप यार्ड में गार्ड को बंधक बनाकर लाखों की डकैती, जांच में जुटी पुलिस




