JamshedpurJharkhand

जमशेदपुर : सुंदरनगर में नहीं रुक रहा सरकारी जमीन पर अतिक्रमण का खेल, आरोपों के घेरे में आरएन फाउंडेशन

Jamshedpur : शहर के सुंदरनगर क्षेत्र में सरकारी जमीन पर अवैध अतिक्रमण का खेल रूकने का नाम नहीं ले रहा है. ताजा मामला सुंदरनगर थाना से महज सौ मीटर की दूरी पर अवैध रूप से जमीन पर कब्जा कर निर्माण कार्य कराये जाने का है. इस मामले में आरोपों के घेरे में आरएन फाउंडेशन बताया जा रहा है. इस संस्था की ओर से लिटिल हर्ट्स नामक स्कूल का भी संचालन किया जाता है. फिलहाल संस्था के संचालक द्वारा क्षेत्र में दो जगहों पर अवैध निर्माण कार्य कराने की बात सामने आई है.

बताया जाता है कि इसकी जानकारी जमशेदपुर अंचल कार्यालय के हल्का कर्मचारी को भी है. फिर भी इस मामले में अब तक कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है. जबकि स्थानीय लोग अतिक्रमित जमीन पर अवैध निर्माण के इस मामले को उठा चुके हैं. उनका यह भी कहना है कि फाउंडेशन की ओर से बगैर किसी रजिस्ट्रेशन के ही पिछले दस वर्षों से इंग्लिश मीडियम स्कूल का भी संचालन किया जा रहा है. इस मामले में भी अब तक संबंधित विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की है.

बता दें कि परसुडीह और सुंदरनगर में सरकारी जमीन पर अवैध अतिक्रमण करना कोई नयी बात नहीं है. मार्च 2021 में परसुडीह थाना क्षेत्र के खासमहल सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा किए जाने का मामला काफी तूल पकड़ा था. उसके बाद भी परसुडीह और सुंदरनगर क्षेत्र में सरकारी जमीन पर अवैध अतिक्रमण करने का मामला जब तब सामने आते रहता है. इनमें से कई मामलों में आरोपियों के खिलाफ पुलिस प्रशासन कार्रवाई भी कर चुकी है. खासकर खासमहल की जमीन पर अतिक्रमण के मामले में जिला प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुये जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया था. हालांकि इसे लेकर प्रशासन को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी थी. अब देखना है कि अतिक्रमण के अन्य मामलों में पुलिस-प्रशासन क्या कार्रवाई करती है.

इसे भी पढ़ें : जमशेदपुर : गोविंदपुर से लापता हिलटॉप स्कूल का छात्र टाटानगर रेलवे स्टेशन पर मिला, पड़ोसियों ने घर पहुंचाया

Related Articles

Back to top button