
Jamshedpur : जमशेदपुर के सिदगोड़ा में अपनी 14 वर्षीय सगी भांजी के साथ यौन शोषण करने वाले 26 वर्षीय मामा को पुलिस ने सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. इस संबंध में पीड़िता की मां के बयान पर सिदगोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी. पुलिस ने इस मामले में आरोपी मामा के खिलाफ नाबालिग को डरा धमकाकर बलात्कार करने और गर्भवती होने पर गर्भपात के लिए दवा खिलाने का मामला दर्ज किया था. शिकायत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
भ्रूण और आरोपी के डीएनए की जांच करायेगी पुलिस
अस्पताल में नाबालिग का ऑपरेशन होने के बाद उसके चार माह के भ्रूण को अस्पताल प्रबंधन ने संभालकर रखा है. इधर, आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसका डीएनए सैंपल कलेक्ट कर लिया है. अब पुलिस भ्रूण के साथ ही आरोपी के डीएनए सैंपल को फॉरेंसिक जांच के लिए रांची भेजेगी.
क्या है पूरा मामला
सिदगोड़ा में रहने वाली एक महिला ने घरवालों की मर्जी के खिलाफ सिदगोड़ा के ही एक विजातीय युवक से शादी कर ली थी. दोनों की एक बेटी हुई. बाद में पति का आचरण ठीक नहीं होने के कारण महिला उसे छोड़ कर अपने मायके में रहने लगी. मायके में महिला का 26 वर्षीय भाई उसकी बेटी का शारीरिक शोषण करने लगा. जब बच्ची गर्भवती हो गयी, तो मामा ने उसे गर्भपात की गोली खिला दी. गर्भपात की गोली खाने के बाद नाबालिग की स्थिति बिगड़ गयी. उसके पेट में असहनीय दर्द होने लगा. परिजन उसे इलाज के लिए तत्काल अस्पताल लेकर गये. उनके साथ आरोपी मामा भी था. अस्पताल में जब महिला को बताया गया कि उनकी बेटी चार माह की गर्भवती है, तो उसके पैरो तले जमीन खिसक गयी. उसे इस बात का भरोसा ही नहीं हो रहा था. जब उसने अपनी बेटी से पूछताछ की, तो उसने मामा की तरफ इशारा करते हुए अपनी मां को सारी बात बता दी. अस्पताल प्रबंधन ने गंभीरता को देखते हुए तत्काल ऑपरेशन कर भ्रूण को बाहर निकाला. फिलहाल नाबालिग अस्पताल में भर्ती है.




