
Jamshedpur : जमशेदपुर कंटीन्यूअस एनीलिंग एंड प्रोसेसिंग कंपनी प्राइवेट लिमिटेड (जेसीएपीसीपीएल) ने अपनी स्थापना के 10 साल पूरे होने के अवसर पर शहर को एक खूबसूरत तोहफा दिया है. यह तोहफा एक स्कल्पचर के रूप में है. कंपनी 17 अगस्त को अपनी दसवीं वर्षगांठ मना रही है. इसकी वर्षगांठ पर मनाये जा रहे समारोहों के एक हिस्से के रूप में कंपनी ने मंगलवार को एक स्कल्पचर (आकृति) का अनावरण किया. बता दें कि जेसीएपीसीपीएल टाटा स्टील और निप्पॉन स्टील का एक संयुक्त उद्यम है, जो ऑटोमोबाइल उद्योग को सेवा प्रदान कर रहा है.
मंगलवार को अनावरण किया गया स्कल्पचर विशेष रूप से इसी अवसर के लिए बनाया गया है. यह संरचना जेसीएपीसीपीएल के 10 वर्षों के साथ-साथ ऑटोमोबाइल उद्योग की निरंतर प्रकृति का प्रतिनिधित्व करती है. आनावरण समारोह के मुख्य अतिथि टाटा स्टील के वीपी सीएस चाणक्य चौधरी थे. यह संरचना बेल्डीह क्लब के सामने स्थापित की गयी है. जेसीएपीसीपीएल के प्रबंध निदेशक उज्ज्वल चक्रवर्ती ने कहा कि पिछले दशक में जेसीएपीसीपीएल की पहचान उच्च गुणवत्ता वाले उत्पादों की डिलीवरी करने और यात्री वाहनों की तेजी से विकसित होने वाली जरूरतों पर प्रतिक्रिया देने के माध्यम से अपनी बाजार हिस्सेदारी को बढ़ाने में उत्कृष्ट सफलता हासिल करने के रूप में रही है.विशेष रूप से कंपनी ने हाई-एंड ऑटोमोटिव ग्रेड कोल्ड रोल्ड स्टील्स की भारत की बढ़ती मांग को पूरा किया है. जेसीएपीसीपीएल के भारत में सभी प्रमुख पैसेंजर मनुफैक्चरर्स के साथ अच्छे संबंध हैं और वर्तमान में यह देश में कोल्ड रोल्ड स्टील्स का एक प्रमुख स्रोत है.
इसे भी पढ़ें – जमशेदपुर के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में मनमाना अनाज दे रहे जनवितरण डीलर, आधे से भी कम दे रहे वजन, चावल देते ही नहीं




