
Latehar: न्यूज़ विंग ने लातेहार जिला के चंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत वनहर्दी पंचायत के तेतर टोला के पांच पीड़ित धर्मांतरित परिवार की खबर प्रकाशित किया था. इसके बाद लातेहार जिला के उपायुक्त राजीव कुमार ने एक जांच दल का गठन किया. जांच दल को लातेहार एसडीपीओ वीरेंद्र राम के नेतृत्व में चंदवा बीडीओ अरविंद कुमार, सीओ मुमताज़ अंसारी को शामिल करते हुए वनहर्दी ग्राम भेजा गया. जांच दल ने दोनों पक्षों के साथ बैठक की. दोनों पक्ष की दलीलों को सुना. इसके बाद जांच दल ने अपना निर्णय सुनाते हुए ग्रामसभा के सभी प्रस्तावों एवं निर्णय को निरस्त कर दिया.
इसे भी पढ़ेंः लातेहारः ग्रामप्रधान ने ईसाई धर्म के आदिवासी परिवारों का हुक्का-पानी बंद किया, राशन लेने पर रोक, पानी पर भी लगायी पाबंदी
महिला समूह से किसी को नहीं निकाला जायेगा
ईसाई धर्म अपनाने वाले पीड़ित परिवार को हर सम्भव मदद देने का वादा किया गया. वहीं जांच दल का नेतृत्व कर रहे एसडीपीओ श्री राम ने पीड़ित पक्ष को सीधा संवाद बनाये रखने की बात कही. वही दूसरे पक्ष के ग्रामीणों को हिदायत दी कि आप अपना धर्म मानिये. ये अपना धर्म मानेंगे. एक-दूसरे का कोई विरोध नहीं करेगा. जांच दल ने यह भी निर्णय दिया की धर्मान्तरित परिवार को नियम संगत राशन मिलेगा. ये लोग अपनी ज़मीन पर खेती करेंगे. महिला समूह से धर्म जाति के नाम से किसी को नहीं निकाला जायेगा. महिला समूह का निर्णय समूह का बहुमत तैयार करेगा. जांच दल की कार्यवाही के बाद गांव में शांति का माहौल है. जांच दल की कार्यवाही पर पीड़ित ईसाई परिवारों ने राहत जतायी है.
इसे भी पढ़ेंः #पुलवामा हमलाः मुख्यमंत्री शहीदों का करते हैं अपमान और खुद को राष्ट्रभक्त कहते हैं




