
Rosra : बिहार के उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने शनिवार को समस्तीपुर को कई सौगातें दीं. रोसड़ा के मिर्जापुर में बंबू क्राफ्ट यानी बांस और बेंत से उत्पाद बनाने की कला के प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया तो पूसा रोड स्थित खादी ग्रामोद्योग समिति संस्था का निरीक्षण करने के साथ यहां खादी सूत कताई प्रशिक्षण कार्यक्रम की भी शुरुआत की. इसके अलावा बिहार के उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने समस्तीपुर के खजूरी इलाके में नारायण फूड इंडस्ट्रीज की अत्याधुनिक आटा फैक्ट्री का भी उद्घाटन किया.
उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन ने बताया कि उपेंद्र महारथी शिल्प अनुसंधान संस्थान द्वारा रोसड़ा में 500 वेणु शिल्पकारों का रजिस्ट्रेशन कराया जा चुका है.
सामान्य सुविधा केंद्र के शुभारंभ के साथ शाहनवाज हुसैन ने मिर्जापुर में बांस और बेंत से बेहतरीन उत्पाद बनाने की कला बंबू क्राफ्ट के प्रशिक्षण कार्यक्रम की भी शुरुआत की.
इसे भी पढ़ें :कोरोना महामारी में नौकरी गंवाने वाले कर्मियों का पूरा पीएफ 2022 तक भरेगी सरकार
प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत से पहले उन्होंने बांस और बेंत से बनी एक से एक सुंदर कलाकृतियों और उत्पादों की प्रदर्शनी भी देखी और यहां की महिलाओं, कारीगरों का काम देख कर वो इतने खुश हुए कि उन्होंने कहा कि अगली बार मेरी पत्नी भी यहां आयेंगी और यहां की महिलाओं का हुनर देख कर, उनकी हर संभव मदद की कोशिश करेंगी.
मिर्जापुर के लोगों को संबोधित करते हुए भी उन्होंने कहा कि इस जगह से उनके बचपन की और काफी पुरानी यादें जुड़ी हैं. यहां की महिलाओं द्वारा बनायी गयी बांस और बेंत की कलाकृतियों और उत्पादों को वो देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी पहुंचाने के लिए पूरी ताकत लगा देंगे.
इसे भी पढ़ें :झारखंड को मिली कोविशील्ड और कोवैक्सीन की चार लाख डोज
वहीं उन्होंने कहा कि रोसड़ा के मिर्जापुर की महिलाएं पूरे राज्य के लिए मिसाल हैं कि वो किस तरह बंबू क्राफ्ट का प्रशिक्षण पाकर हर महीने बढ़िया आमदनी कर रही हैं. यहां के उत्पादों को पटना के खादी मॉल में तो रखवायेंगे ही साथ ही प्रदर्शनी, मेलों के जरिए भी राज्य और देश में इसके जबरदस्त प्रचार-प्रसार की व्यवस्था करेंगे.
वहीं उद्योग मंत्री ने कहा कि बिहार में उद्योगों का माहौल बन चुका है. औद्योगिक इकाइयां अब यहां स्थापित हो रही हैं और आनेवाले दिनों में ऐसी इकाइयों की संख्या बढ़ती ही जायेगी.
उन्होंने कहा कि वो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शुक्रगुजार हैं कि उन्हें बिहार में औद्योगिकीकरण के बड़े मिशन की जिम्मेदारी दी गयी और यकीन दिलाते हैं कि वो न सिर्फ बिहार की उम्मीदों पर खरे उतरेंगे बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी मिशन को पूरा करके ही दम लेंगे.
इसे भी पढ़ें :200 करोड़ की पालोजोरी ग्रामीण जलापूर्ति योजना का सीएम को करना था शिलान्यास, रणधीर सिंह ने काट दिया फीता, मिथिलेश ठाकुर नाराज




