
Ranchi: प्रावधानों के मुताबिक 10वीं और 12वीं कक्षा में पढने वाले स्टूडेंट्स की अपने स्कूल में 75% उपस्थिति जरूरी है. अब शिक्षा विभाग, झारखण्ड (झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद) की नजर उन स्टूडेंट्स पर है जो 10वीं, 12वीं की परीक्षा में हाल के दिनों में जारी रिजल्ट में अनुत्तीर्ण हैं और जिनकी अपने क्लास में उपस्थिति 75% से भी कम रही है. इसकी रिपोर्ट तैयार करायी जाएगी. इस संबंध में परिषद के राज्य परियोजना निदेशक की ओर से सभी जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारी और अन्य को लेटर भी भेजा गया है. इसके जरिए निदेशक आदित्य रंजन ने कहा है कि स्कूलों में 75% उपस्थिति और लगातार 30 दिनों तक अनुपस्थित रहने वाले स्टूडेंट्स का नामांकन रद्द करने संबंधी दिशा-निर्देश पहले से निर्गत है. इसके आलोक में सीएम आदर्श स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 2023-24 में दसवीं और बारहवीं क्लास के वैसे स्टूडेंट्स जो अनुत्तीर्ण हो गये, उनकी स्कूलों में क्या उपस्थिति रही, उससे संबंधित जांच रिपोर्ट तैयार की जाए. इसके पिछले सत्र की भी उपस्थिति संबंधी रिपोर्ट तैयार हो. साथ ही ऐसे सभी स्कूल जिनमें 10% से अधिक स्टूडेंट्स अनुत्तीर्ण हुए हैं, उनकी रिपोर्ट भी तैयार कर जल्द से जल्द परियोजना कार्यालय को भेजा जाए. इस रिपोर्ट को तैयार करते समय जिला, स्कूल का नाम, कक्षा/ संकाय, बोर्ड परीक्षा में शामिल स्टूडेंट्स की संख्या, उत्तीर्ण और अनुत्तीर्ण स्टूडेंट्स की संख्या और अन्य जानकारियां (क्लास, रोल नंबर, उपस्थिति व अन्य) दर्ज होनी चाहिए.
इसे भी पढ़ें: खेलो झारखंड 2024-25: 20 जून से शुरू होंगी खेल प्रतियोगिताएं, अब होंगी 32 खेल स्पर्धाएं और बैंड प्रतियोगिता




