
Bermo: बेरमो अनुमंडल अंतर्गत बोकारो थर्मल के सिक्स यूनिट स्थित सीआईएसएफ कैंप के दो नंबर बैरक की जमीन डीवीसी के अंडरग्राउंड केबल के शार्टसर्किट के कारण विगत एक माह से भी ज्यादा समय से गर्म हो रही थी. इसका खुलासा गुरुवार को सीसीएल कथारा एरिया के जीएम संजय कुमार के नेतृत्व में आई जांच टीम ने जांचोपरांत किया.
विगत एक माह से गर्म हो रही थी सीआईएसएफ बैरक की जमीन-सिक्स यूनिट सीआईएसएफ कैंप के दो नंबर बैरक की जमीन विगत एक माह से भी ज्यादा समय से अचानक से गर्म होने लगी. सीआईएसएफ की टीम ने जांच में पाया कि तापमान 50 से 60 डिग्री तक रहने के कारण बैरक में जवानों को रहने में कठिनाई होने लगी. सीआईएसएफ के डिप्टी कमांडेंट अरुण प्रसाद ई के निर्देश पर निरीक्षक प्रशांत कुमार प्रसून ने इसकी सूचना डीवीसी के एचओपी, डीजीएम एवं विद्युत विभाग के अभियंता को दी.डीवीसी कॉलोनी सबस्टेशन के अभियंता कैंप स्थित बैरक में आकर जांच किये और कहा कि बिजली से संबंधित कोई भी मामला नहीं है. किसी आंशका को देखते हुए बैरक में रहनेवाले सभी 40 जवानों को अन्यत्र शिफ्ट कर दिया गया.
जमीन के नीचे कोयला में आग या अन्य किसी गैस की संभावना को देखते हुए डीवीसी के एचओपी ने इसकी जानकारी सीसीएल कथारा एरिया के जीएम संजय कुमार को दी. सूचना पाकर जीएम, गोविंदपुर परियोजना के पीओ अनिल तिवारी, मैनेजर अंजनी कुमार, सर्वेयर नसीम परवेज, जेपी नायक सहित मुख्यालय रांची से आये पदाधिकारी ने गुरुवार को बैरक के जमीन की जांच की. जांचोपरांत सीसीएल के अधिकारियों की टीम ने पाया कि जमीन के नीचे डीवीसी के बिजली केबुल में शार्टसर्किट से आग लगी है जिसके कारण बैरक की जमीन गर्म हो रही है. बाद में बैरक एवं कॉलोनी की बिजली सप्लाई काटी गयी तो कई घंटों में तापमान में कमी देखने को मिली.




