
Koderma: कोडरमा प्रखंड के मेघातरी पंचायत के कुशाहना गांव में गुरूवार शाम को करीब साढ़े चार बजे के आसपास एक फिर से वर्षा के कारण पानी घुस गया. इसके बाद लोग घरों से बाहर निकल गए और वन विभाग और जिला प्रशासन की निष्क्रियता के खिलाफ आक्रोशित ग्रामीणों ने किया झारखंड बिहार बॉर्डर पर रांची पटना रोड जाम कर दिया. मालूम हो कि तीन दिन पहले रविवार की सुबह भारी बारिश के कारण कुशाहना में वन विभाग का चैकडैम टूट गया. जिसके कारण दर्जनों घरों में पानी घुस गया और उन घरों के अनाज, बर्तन, गाय, बकरी, बिछावन और खटिया तक पानी में बह गए.

वहीं अरहर, मकई जैसे फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है. वन विभाग व जिला प्रशासन द्वारा डैम को टूटे हुए हालत में छोड़ दिया और पानी रोकने के लिए किसी प्रकार की मरम्मती का काम नहीं किया गया जिसके कारण गुरुवार को एक बार फिर बारिश होने से गांव में पानी घुस गया. गांव के पास उक्त चेक डैम वन्य प्राणी आश्रयणी क्षेत्र में आता है. बताया जाता है कि चेक डैम की मरम्मति और रख रखाव के नाम पर हर साल बड़ी राशि की निकासी की जाती रही है, पर हकीकत में डैम की मरम्मति भी नहीं करायी गयी. नतीजतन डैम टूटा और गांव में पानी भर गया. इधर कुशाहना के आक्रोशित लोगों ने कहा कि जिला प्रशासन सिर्फ खानापूर्ति कर रहा है और हमलोगों को भगवान भरोसे मरने के लिए छोड़ दिया गया है. अभी पूरे गांव में बाढ़ की स्थिति है और लोगों का घर से बाहर निकलना या घर मे प्रवेश करना सम्भव नहीं हो पा रहा है. वहीं अब बीमारी के फैलने का भी भय सता रहा है.




