
Ranchi : 11वें कोलकाता शॉर्ट इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल 2022 (KSIFF’22) में झारखंड की धार्मिक/ सांस्कृतिक धरोहर मंडा पूजा पर बनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म “रीडिस्कवरिंग हेरिटेज: मंडा पूजा फिल्म को डॉक्यूमेंट्री वर्ग में ऑनरेबल जूरी मेनशन का पुरस्कार दिया गया है. इस फेस्टिवल में भारत के अलावा अमेरिका, फ्रांस, कोरिया, ग्रीस, चीन आदि देशों के निर्माताओं के द्वारा 390 फिल्में भेजी गईं थी जो तीन वर्गों, शॉर्ट, डॉक्यूमेंट्री और म्यूजिक वीडियो में शामिल थीं. रीडिस्कवरींग हेरिटेज : मंडा पूजा फिल्म रीडिस्कवर झारखंड श्रृंखला कि एक कड़ी है जिसका निर्माण थर्ड आई डिजिटल स्टूडियो द्वारा राज्य के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, प्रकृतिक धरोहरों के प्रचार प्रसार के उद्देश्य से किया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें – अगर आपकी उम्र 17 साल से अधिक है, तो आप वोटर लिस्ट में अपना नाम दर्ज कराने के लिए कर सकते हैं आवेदन
आकर्षक रूप में दिखाया मंडा पूजा
फिल्म में मंडा पूजा के आचार अनुष्ठानों को आकर्षक रूप से दिखाया गया है. इसके सामाजिक पहलुओं को भी बखूबी समझने की कोशिश की गयी है. पद्मश्री स्व डॉ गिरिधारी राम गौंझू ‘गिरिराज’ की स्मृतियों को समर्पित इस फिल्म में उन्हे अपने चिर परिचित आकर्षक अंदाज़ में मंडा पूजा की जानकारी देते हुए देखा जा सकता है. फिल्म में निर्देशन संजय बोस तथा शोध, लेखन एवं प्रस्तुतीकरण रत्ना रॉय का है. छायांकन की ज़िम्मेदारी संजय बोस के साथ चन्द्रिका रविदास तथा मनोज कुमार गोराई की है.
फिल्म बनाने में तीन साल लगे
फिल्म के निर्माण में तीन वर्ष लगे. 2019 में मंडा पूजा के दौरान शुरू हुई शूटिंग को अगले वर्ष के पूजा में पूरा करना था. कोविड प्रतिबंधों के कारण दो वर्ष सार्वजनिक पूजा के आयोजन बंद रहे. इस वर्ष फिल्म के बचे हिस्सों को शूट किया गया. मोरहाबादी मंडा बगीचा तथा अरगोड़ा मंडा पूजा के दृश्यों को इस फिल्म में शामिल किया गया है. रत्ना रॉय ने कहा कि मंडा पूजा सामुदायिक एकता और कठोर व्रत के अनूठे मेलबंधन का एक सुंदर उदाहरण है. इसे आदिवासी और सदान मिल कर मनाते हैं. मंडा महादेव को एक कठिन तपस्या से संतुष्ट करने का अनुष्ठान है मंडा पूजा. अच्छी बारिश, खेती और संपन्नता के उद्देश्य के लिए पूरा गांव एकजुट होकर इस पर्व को मनाता है.
इसे भी पढ़ें – जज उत्तम आनंद हत्याकांड में लखन और राहुल दोषी करार, 6 अगस्त को सजा की बिंदु पर सुनवाई



