
Deoghar: सूर्य नमस्कार महायज्ञ समिति देवघर द्वारा विगत 14 वर्षों से भारतीय नववर्ष के प्रथम सूर्य का अभिनंदन कार्यक्रम शिवगंगा के दक्षिण तट पर आयोजित किया जा रहा है. इस वर्ष भी हिंदू नववर्ष विक्रम संवत 2080 अंग्रेजी तिथि 22 मार्च प्रातः 5:30 बजे भगवान भास्कर को अर्घ्य दान करने के बाद आरती कर एक दूसरे को मिठाई बांटकर नववर्ष का स्वागत शिवगंगा तट पर किया जाएगा. इसी को लेकर आज केकेएन स्टेडियम देवघर में सभी सदस्यों की एक बैठक आयोजित की गई. जिसमें यह निर्णय लिया गया कि अधिक से अधिक घरों में से संपर्क कर शिवगंगा तट पर आने का आग्रह करना तथा सभी सदस्य अपने मोहल्ले एवं वार्ड में ध्वज का वितरण करना था. खासकर युवाओं एवं बच्चों के बीच भारतीय नववर्ष के बारे में बतलाना उनको इससे जोड़ना इस बैठक का मुख्य उद्देश्य था. बैठक में मधुकर चौधरी, विशाल बिंदल, अमरेश सिंह, उदय कुमार, विजय पांडेय, कुलदीप महतो, नारायण कुमार, संतोष शर्मा, राहुल, निक्कू पांडेय, संदीप जयसवाल, रीता राज, राजेश तिवारी उपस्थित थे. इस आशय की जानकारी समिति के मीडिया प्रभारी विजय कुमार पांडेय ने दी.




